
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। एमजीएम मेडिकल कॉलेज में अब तक यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर की शुरुआत नहीं हो सकी है। अक्टूबर 2024 में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के रीजनल डायरेक्टर ने वैक्सीनेशन सेंटर शुरू करने के लिए एमजीएम कॉलेज से संबंधित अस्पतालों का निरीक्षण किया था, इस दौरान वैक्सीनेशन सेंटर के लिए एमवाय को सभी मापदंडों पर उपयुक्त पाया था।
इसकी रिपोर्ट डिप्टी डायरेक्टर जनरल, सेंट्रल इंटरनेशनल हेल्थ डिवीजन को भेजी गई थी। इस बात को दो साल से ज्यादा वक्त हो चुका है, लेकिन अब तक एमजीएम कॉलेज में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू नहीं हो सका है।
कोरोना के पूर्व तक इंदौर में हुकमचंद अस्पताल में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर संचालित होता था, लेकिन कोविड के वक्त इसे बंद कर दिया गया था। तब से लेकर अब तक शहर के लोगों को यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर खुलने का इंतजार है।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के रीजनल डायरेक्टर के शुरुआती निरीक्षण के बाद माना जा रहा था कि एमवाय में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर शुरू किया जाएगा। इसे लेकर आला अधिकारियों तक रिपोर्ट भेज दी गई थी।
हालांकि अब एमजीएम मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अरविंद घनघोरिया का कहना है कि सेंटर को एमवाय के बजाय सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शुरू किया जाएगा, इसके लिए डीन कार्यालय की ओर से सारी कागजी प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। कार्यालय ने वैक्सीन का आर्डर भी दे दिया है।
इंदौर और आसपास के जिलों से विदेश जाने वाले लोगों के लिए पूर्व में शासकीय हुकमचंद अस्पताल में यलो फीवर वैक्सीनेशन की सुविधा थी, लेकिन यहां टीकाकरण बंद किए जाने के बाद अब सिर्फ भोपाल एम्स में ही वैक्सीनेशन किया जाता है। इंदौर में लगभग 20 सालों तक टीकाकरण का कार्य किया जाता था, लेकिन कोरोना की वजह से यहां का वैक्सीनेशन सेंटर बंद हो गया था।
यह भी पढ़ें- इंदौर में दो साल से कागजों में यलो फीवर वैक्सीनेशन सेंटर, टीकाकरण के लिए भोपाल जाने को लोग मजबूर
यलो फीवर एक खास तरह का बुखार है जिसमें बीमार को लिवर, किडनी से जुड़ी हुई समस्याएं हो सकती हैं। दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के 40 से ज्यादा देशों की यात्रा से पहले यलो फीवर का टीका लगाना अनिवार्य है।
यह भी पढ़ें- MP News: भोपाल में फिर शुरू हुआ यलो फीवर वैक्सीनेशन, 42 देशों की यात्रा से पहले जरूरी ये टीका