
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर. भगवान महाकाल के दर्शन के लिए इंदौर से उज्जैन के बीच हेलीकॉप्टर से सफर करने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों के लिए एक बड़ी खबर है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण इंदौर-उज्जैन हेली सेवा के किराए में करीब 30% की बढ़ोतरी कर दी गई है। प्रति यात्री एकतरफा किराए में 1,500 की बढ़ोतरी की गई है, जिससे नई दरें अब लागू हो चुकी हैं।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस सेवा का संचालन पूरी तरह व्यावसायिक लागत पर निर्भर करता है। हाल ही में विमानन ईंधन (ATF) के दामों में हुई बढ़ोतरी से परिचालन खर्च (Operating Cost) बढ़ गया था, जिसके कारण किराए में संशोधन करना आवश्यक हो गया।
सड़क मार्ग से इंदौर और उज्जैन के बीच यात्रा तय करने में जहां 1.5 से 2 घंटे का समय लगता है, वहीं हेलीकॉप्टर से यह दूरी महज 25 मिनट में पूरी हो जाती है। समय की बचत के कारण यह सेवा सावन, महाशिवरात्रि और छुट्टियों के दिनों में काफी लोकप्रिय रहती है। हालांकि, पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का मानना है कि किराए में बढ़ोतरी के बाद कई श्रद्धालु वापस सड़क मार्ग का रुख कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- दुर्घटना में एक आंख गंवाई, इंदौर जिला कोर्ट ने बीमा कंपनी को 14 लाख रुपये क्षतिपूर्ति देने का दिया आदेश