
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के पॉश इलाके वायएन रोड स्थित एक सरकारी ठेकेदार के बंगले से तीन करोड़ रुपये कीमती सोने और हीरे के आभूषण चोरी होने के मामले में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस की जांच अब घर के हाउसकीपिंग स्टाफ पर आकर टिक गई है और बेडरूम की सफाई करने वाला नंदू नामक युवक प्रमुख संदेही है।
हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद अभी तक चोरी की एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, कारोबारी पूजा-पाठ और ज्योतिषियों के संपर्क में हैं और एक ज्योतिषी से सोना सुरक्षित मिलने का आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने थाने में एफआईआर दर्ज कराने के लिए एक दिन का समय मांग लिया है।
तुकोगंज थाना अंतर्गत वायएन रोड निवासी सरकारी ठेकेदार राजेश जैन (युवा) के बंगले से दो किलो वजनी सोने के आभूषण और हीरे का हार सेट चोरी हो गया था। आभूषण दूसरी मंजिल पर स्थित बेडरूम में रखी 200 किलो वजनी तिजोरी में राजेश की पत्नी ने रखे थे। तीन दिन पूर्व एक शादी समारोह में जाने के लिए जब आभूषणों की जरूरत पड़ी और तिजोरी खोली गई, तो अंदर से सारा माल गायब मिला।
तुकोगंज टीआई जितेंद्र चौहान के अनुसार, घटनाक्रम दीपावली के आसपास का प्रतीत हो रहा है। बंगले में किसी भी तरह की फोर्स एंट्री (ताला या दरवाजा तोड़ने) के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में पुलिस की जांच परिवार के सदस्यों और घर में काम करने वाले स्टाफ के इर्द-गिर्द ही घूम रही है।
ठेकेदार राजेश जैन के बंगले में हाउसकीपिंग स्टाफ की आवाजाही रहती है। पुलिस इस मामले में दो युवकों से पूछताछ कर रही है, वहीं परिवार ने नंदू नामक युवक पर गहरा शक जताया है। राजेश ने पुलिस को बताया कि तिजोरी में सात लीवर वाला लॉक था, जो सात चाबियों से ही खुलता है। तिजोरी की चाबी मां के कमरे में रखी रहती थी, जबकि डिस्प्ले दरवाजे की चाबी पत्नी प्रिया के पास रहती थी।
पुलिस को आशंका है कि किसी करीबी जानकार ने ही मां के कमरे से चाबियां निकालीं, तीन अन्य जगहों के ताले खोलकर आभूषण चुराए और बाद में चाबियां व्यवस्थित रूप से उसी स्थान पर वापस रख दीं। पुलिस ने शनिवार रात संदेहियों के घरों की तलाशी भी ली, लेकिन सिपाही खाली हाथ ही लौटे।
पुलिस ने ड्राइवर, घरेलू कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड सहित घर आने-जाने वाले रिश्तेदारों का पूरा ब्योरा जुटाया है। परिवार के सदस्यों को भी जांच के दायरे में रखा गया है। साइबर एक्सपर्ट तकनीकी साक्ष्य खंगालने में जुटे हुए हैं, हालांकि फोरेंसिक एक्सपर्ट को मौके से कोई ठोस सबूत नहीं मिल पाए हैं।
पुलिस ने रविवार को ठेकेदार राजेश जैन को कथन और एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया था, लेकिन उन्होंने एक दिन का समय मांग लिया। सूत्रों के मुताबिक, ठेकेदार ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि वे पूजा-पाठ करने वाले और ज्योतिषियों के संपर्क में हैं तथा एक ज्योतिषी ने सोना सुरक्षित वापस मिलने का दावा किया है। एडिशनल डीसीपी जोन-3 ओमप्रकाश के अनुसार, इस प्रकरण में सोमवार को एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें- 10 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट पेश करेगी सरकार, एमपी कैबिनेट में 15 प्रस्तावों पर लगेगी मुहर