
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर में शनिवार को गायक करण औजला कंसर्ट हुआ। कार्यक्रम से पहले नगर निगम की टीम कार्यक्रम स्थल पहुंची। आरोप था कि आयोजकों ने नियमानुसार नगर निगम को मनोरंजन कर का भुगतान नहीं किया है। निगम की टीम ने कार्यक्रम स्थल से कुछ सामग्री जब्त भी की। हालांकि निगम अधिकारी इससे इनकार कर रहे हैं। निगम की कार्रवाई के कुछ ही घंटे बाद आयोजकों ने मनोरंजन कर के रूप में 20 लाख रुपये निगम के खाते में जमा कर दिए।
इससे पहले भी वे सात लाख 70 हजार रुपये जमा कर चुके थे। इधर महापौर ने भी किसी भी तरह की जब्ती से इनकार किया है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में निगम के कर्मचारी कार्यक्रम स्थल से सामग्री ट्रकों में भरते नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम बायपास स्थित एक मैदान में हुआ। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के टिकट कुछ हजार से लेकर लाखों रुपये तक बिके हैं।
निगमानुसार आयोजकों को कुल टिकट बिक्री का दस प्रतिशत नगर निगम को मनोरंजन कर के रूप में भुगतान करना था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। कार्यक्रम से दो दिन पहले आयोजकों ने 7.70 लाख रुपये निगम में जमा कराए थे। कार्यक्रम के कुछ घंटे पहले निगम की टीम आयोजन स्थल पर पहुंची जिसके बाद आयोजकों ने 20 लाख रुपये और जमा कराए।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पंजाबी सिंगर करण औजला के शो से पहले नगर निगम ने जब्त किया सामान, नहीं जमा किया था एंटरटेनमेंट टैक्स
हम चाहते हैं कि नियमानुसार अनुमति लेकर कार्यक्रम हों। आयोजकों ने जितना कर जमा करना था उतना नहीं किया था। यही वजह थी कि निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाइश दी। सामग्री जब्त नहीं की है।- पुष्यमित्र भार्गव, महापौर इंदौर
आयोजकों ने सिर्फ 7.70 लाख रुपये जमा कराए थे। हमने शनिवार को उन्हें समझाइश दी। इसके बाद उन्होंने 20 लाख रुपये और जमा कराए हैं। नियमानुसार उन्हें कुल टिकट बिक्री का दस प्रतिशत निगम में जमा कराना था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया।- आकाश सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम इंदौर