
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। खंडवा में हुए सांभर शिकारकांड ने प्रदेश में रुपये लेकर वन्यजीवों का शिकार कराने वाले गिरोहों के नेटवर्क को उजागर कर दिया है। इस मामले ने जंगलों की सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की निगरानी पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मुख्य आरोपी अशफाक अहमद की काल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और एसटीएसएफ की डंप डेटा जांच में जंगलों में उसकी मौजूदगी के संकेत मिले हैं।
नर्मदा नगर के जंगल से लेकर प्रस्तावित ओंकारेश्वर अभयारण्य तक उसकी आवाजाही रही। मूंदी निवासी सलामुद्दीन की लोकेशन भी कई बार जंगल में मिली है। हैरानी की बात यह है कि छह महीने बीतने के बाद भी अशफाक के मोबाइल की फारेंसिक रिपोर्ट नहीं आई है। जांच एजेंसी को आशंका है कि इसमें सांभर के अलावा हिरण और चीतल के शिकार से जुड़े अहम प्रमाण भी मिल सकते हैं।
8 मई को चांदगढ़ रेंज में तत्कालीन रेंजर प्रेम दहिया की मौजूदगी में कार्रवाई के दौरान अशफाक और सलामुद्दीन के पास से बंदूक और करीब 35 किलो मांस मिला था। इसके करीब 15 दिन बाद दहिया का तबादला हो गया और मामले की जांच रेंजर मोहन मंडलोई को सौंपी गई।
आरोप है कि प्रकरण में तथ्यों और सबूतों को मजबूती से प्रस्तुत नहीं किया गया। इसका फायदा आरोपितों को मिला और दोनों को जमानत मिल गई। हालांकि, जूते का कारोबार करने वाले खुजेमा बूटवाला और आइटी कंपनी संचालित करने वाले मुस्तफा नदीम को गिरफ्तार किया गया। उनकी जमानत याचिका गुरुवार को लगी।
शिकार के दौरान गोली की आवाज सुनते ही आइटी कंपनी संचालक नदीम और कुछ अन्य शिकारी फरार हो गए। नदीम अपने परिवार के साथ खंडवा पहुंचता था। उसने परिवार के सदस्यों को एक रिसोर्ट में ठहराया था, जबकि वह अकेला ही शिकार करने वाले गिरोह के साथ जंगल में पहुंचा था।
यह भी पढ़ें- सांभर शिकार गिरोह के दो और आरोपी इंदौर से गिरफ्तार, STSF ने जब्त किया 16 लाख का वाहन
एसटीएसएफ अब रुपये लेकर शिकार करवाने वाले गिरोह के दूसरे सदस्यों की पहचान में जुटी है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शिकार के बदले मिलने वाली रकम किस तरह गिरोह तक पहुंचती थी। अब तक आनलाइन लेन-देन के प्रमाण नहीं मिले हैं। अशफाक के बैंक खातों की जानकारी भी मांगी गई है। इसके साथ ही उस हैंडलर की तलाश की जा रही है, जो रुपये लाने और पहुंचाने का काम करता था।
यह भी पढ़ें- 'एक लाख दो, बंदूक लो और वन्यजीवों का शिकार करो', खंडवा में 'शिकार टूरिज्म' का खुलासा, 5 पर केस दर्ज
प्रकरण को कमजोर नहीं किया है। यह बिल्कुल गलत बात है। जमानत याचिका पर आपत्ति ली थी। - मोहन मंडलोई, तत्कालीन रेंजर (चांदगढ़)
शिकारकांड में जांच चल रही है, जिसमें कुछ लोगों की भूमिका सामने आई है। उनके बारे में प्रमाण जुटाने का काम कर रहे हैं। इंदौर से पकड़ाए आरोपितों ने जमानत के लिए याचिका लगाई है। - शरद जाटव, प्रवक्ता, एसटीएसएफ
8 मई 2026 को पुनासा-नर्मदानगर वनक्षेत्र की चांदगढ़ रेंज में सांभर शिकारकांड सामने आया था। इसके पीछे एक लाख रुपये लेकर शिकार कराने वाला गिरोह है। इनमें खंडवा निवासी अशफाक और सलामुद्दीन को 8 मई को चांदगढ़ रेंज में कार्रवाई के दौरान बंदूक और करीब 35 किलो मांस के साथ पकड़ा गया था।
बाद में गार्ड सैयद असीम अली भी गिरफ्तार हुआ। जांच के बाद एसटीएसएफ ने 19 नवंबर को जूते का कारोबार करने वाले खुजेमा बूटवाला और आईटी कंपनी संचालक मुस्तफा नदीम को भी गिरफ्तार किया है। गिरोह के अन्य सदस्यों और रुपये के लेन-देन की जांच जारी है।