
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। निलंबित प्रधान आरक्षक चालक फिरोज खान की संपत्ति का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। लोकायुक्त को देवास में करीब एक करोड़ रुपये कीमती संपत्ति खरीदने की जानकारी मिली है। उक्त संपत्ति की चोला मंडलम की नीलामी में फिरोज खान की पत्नी हीना, मां वहीदा और बेटी जैफी ने बोली लगाई थी। इनमें से दो प्लॉट 92 लाख रुपये में खरीदे गए थे।
मकान निर्माण सहित इन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके अलावा उज्जैन रोड पर नौ करोड़ रुपये के जमीन सौदे में भी फिरोज खान की साक्षी के रूप में भूमिका सामने आई है। लोकायुक्त इन दोनों मामलों की जांच कर रहा है।
एसपी (लोकायुक्त) डॉ. राजेश सहाय के अनुसार चोला मंडलम ने अगस्त 2025 में देवास में दो संपत्तियों की नीलामी रखी थी। इनमें उज्जैन रोड पर 2400 वर्गफीट का प्लॉट और कॉन्वेंट स्कूल मार्ग पर 750 वर्गफीट का प्लॉट शामिल है। नीलामी में फिरोज खान की पत्नी हिना खान, मां वहीदा खान और बेटी जैफी खान ने ऑनलाइन बोली लगाई थी।
दोनों संपत्तियों की बोली 92 लाख रुपये में लगाई गई और फिरोज के परिवार के नाम से रजिस्ट्री कराई गई। लोकायुक्त का अनुमान है कि मकान निर्माण सहित इन संपत्तियों पर कुल करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। संपत्तियों की खरीद और रजिस्ट्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच के लिए देवास के रजिस्ट्रार कार्यालय से जानकारी मांगी गई है।
एसपी के मुताबिक उज्जैन रोड की करीब 45 बीघा जमीन के एक सौदे में भी फिरोज खान का नाम सामने आया है। उक्त जमीन कस्तूरीबाई और रविकांत पंवार ने यह जमीन श्याम इन्फ्रा के पार्टनर सुमित जिंदल को नौ करोड़ रुपये में बेची थी। इस जमीन के नामांतरण पर राजस्व न्यायालय ने रोक लगाई है। इस सौदे में फिरोज खान गवाह है। जमीन की वास्तविक कीमत 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में 22 लाख फूंककर भूल गया नगर निगम... चौक बाजार में 10 साल से बंद पड़े हैं फायर हाइड्रेंट