
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : दीपावली के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मंगलवार को शहर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान 11 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, मावा, पनीर, घी, मिठाई, तेल और नमकीन सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 26 नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। अभियान में दो प्रतिष्ठानों पर नापतौल विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई भी की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छोटा बांगड़दा स्थित मुस्कान डेयरी, स्कीम नंबर 51 की स्नेहल डेयरी, चितावद रोड स्थित राममोहन दूध दही भंडार, मूसाखेड़ी के श्री बसंत इंटरप्राइजेज और फार्मर्स मिल्क कार्ट सहित 11 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान मावा, पनीर, घी, दूध, मिल्क केक, रसगुल्ला, पेड़ा, खाद्य तेल, बेसन और नमकीन के नमूने लिए गए।
मूसाखेड़ी स्थित श्री बसंत इंटरप्राइजेज में इलेक्ट्रॉनिक तौल उपकरण असत्यापित पाए जाने पर नापतौल विभाग ने उन्हें जब्त कर प्रकरण दर्ज किया। वहीं फार्मर्स मिल्क कार्ट में असत्यापित बाट मिलने पर कार्रवाई की गई। इस प्रतिष्ठान में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली।
साउथ तुकोगंज स्थित श्रीवारी फूड वेंचर्स में कीट नियंत्रण की व्यवस्था में कमी और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं होने पर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा टीम ने हाइकोर्ट और एलआईसी कार्यालय परिसर के आसपास स्ट्रीट वेंडर्स को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। संग्रहित किए गए नमूनों को जांच के लिए भोपाल स्थित लैब भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- मुरैना में मिलावट का खेल, 1740 किलो मिलावटी मिठाई और 120 किलो मावा जब्त, भेजा रहा था छत्तीसगढ़