
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। द्वारकापुरी सब्जी मंडी की शिफ्टिंग को लेकर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक मालिनी गौड़ आमने-सामने आ गए हैं। संत सेवालाल ब्रिज के नीचे मंडी लगाने की अनुमति मांग रहे दुकानदारों से महापौर ने कह दिया कि स्थानीय विधायक लिखित में सहमति दे दें तो वे जगह देने को तैयार हैं। इसके बाद दुकानदार विधायक के घर पहुंच गए। मुलाकात नहीं होने पर वे उनके घर के बाहर ही धरने पर बैठ गए।
इधर, विधायक का कहना है कि नगर निगम की मंशा ब्रिज के नीचे मंडी लगवाने की थी तो फिर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए टेंडर जारी ही क्यों किए गए। वहीं, रहवासी भी मंडी के लिए ब्रिज के नीचे जगह देने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि मंडी की वजह से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। इसलिए इसे ब्रिज के नीचे शिफ्ट नहीं किया जाना चाहिए।
संत सेवालाल ब्रिज की सर्विस रोड पर 200 से ज्यादा सब्जी की दुकानें लगती हैं। कुछ समय पहले दुकानों की संख्या काफी कम थी, लेकिन धीरे-धीरे यह बढ़ गई। सब्जी मंडी की वजह से यहां अक्सर जाम की स्थिति बनती है। दुकानदार फुटपाथ से आगे बढ़कर सड़क तक दुकानें लगा लेते हैं। दिनभर होने वाली परेशानी को देखते हुए मंडी को शिफ्ट करने की मांग उठने लगी है। दो साल पहले महापौर ने दुकानदारों को ब्रिज के नीचे शिफ्ट होने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उस वक्त वे सहमत नहीं हुए।
यह भी पढ़ें- बकायादारों की लिस्ट में सतना महापौर भी, 70 लाख रुपये टैक्स बकाया; घर की होगी कुर्की
इसके बाद ब्रिज के नीचे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना बनी और इसके टेंडर भी जारी हो गए। इधर, मंडी के कारण यातायात जाम की समस्या बढ़ने और लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर निगम ने इसे चंदन नगर क्षेत्र में एमआर-6 पर शिफ्ट करने की तैयारी कर ली। इसके बाद से दुकानदार मंडी को ब्रिज के नीचे शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं।
रहवासियों का कहना है कि सब्जी मंडी की वजह से दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। रहवासी विपुल जैन ने कहा कि हालत यह हो जाती है कि सुबह के वक्त सड़क से गुजरना मुश्किल हो जाता है। रहवासी योगिता मंगल ने बताया कि कई बार स्थिति ऐसी बन जाती है कि एंबुलेंस तक के निकलने के लिए जगह नहीं मिलती। रहवासी सचिन सोनी और राकेश जायसवाल ने कहा कि मंडी को बोगदे में शिफ्ट करने से स्थिति और बिगड़ जाएगी। बोगदे के साथ-साथ सड़क पर भी दुकानें लगने और वाहन पार्क होने लगेंगे।
सब्जी मंडी को ब्रिज के नीचे जगह दी तो हमेशा जाम की स्थिति बनी रहेगी। निगम ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लिए टेंडर पहले ही निकाल दिए हैं। ब्रिज के नीचे सब्जी मंडी की अनुमति नहीं दे सकते। महापौर विधायक से लिखित सहमति लेकर आने की बात कह रहे हैं, लेकिन ब्रिज के नीचे मंडी शिफ्ट करनी थी तो फिर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के टेंडर क्यों निकाले?- मालिनी गौड़, विधायक, विधानसभा क्षेत्र चार
सब्जी मंडी को एमआर-6 चंदन नगर चौराहा क्षेत्र में ही शिफ्ट होना होगा। हमने इसके लिए जगह भी तय कर दी है। ब्रिज के नीचे मंडी के लिए जगह नहीं दे सकते।- पुष्यमित्र भार्गव, महापौर, इंदौर।
दो साल पहले मिला था आश्वासन
जनवरी 2025 में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने खुद सब्जी मंडी के दुकानदारों को ब्रिज के नीचे जगह देने की घोषणा की थी। अब वे स्थानीय विधायक से इस बारे में लिखित सहमति लाने के लिए कह रहे हैं। निगम मंडी को चंदन नगर चौराहे के पास शिफ्ट करना चाहता है।- कृष्ण पटेल, अध्यक्ष, सब्जी मंडी एसोसिएशन