
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। नगर निगम में संपत्ति कर की वसूली को लेकर अब सख्ती की तैयारी है। बकायादारों की सूची में नगर निगम के प्रथम नागरिक यानी महापौर योगेश ताम्रकार का नाम भी शामिल हैं।
मेयर पर 70 लाख रुपये से अधिक का संपत्ति कर बकाया बताया गया है। वहीं, एमआईसी सदस्य गोपी गेलानी पर भी 20 लाख रुपये से ज्यादा की देनदारी है।
नगर निगम की सूची में औद्योगिक क्षेत्र के 89 व्यापारियों के नाम भी बड़े बकायादारों के रूप में दर्ज हैं। लगातार बढ़ते बकाया और कमजोर वसूली को देखते हुए निगम प्रशासन ने अब बड़े बकायादारों के खिलाफ कुर्की और सीलिंग जैसी कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती चरण में 100 बड़े बकायादारों को कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
निगम प्रशासन के मुताबिक, 50 हजार रुपये से अधिक संपत्ति कर बकाया रखने वाले करीब छह हजार करदाताओं को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इन पर कुल 54.83 करोड़ रुपये की राशि बकाया है। इसके बावजूद अपेक्षित वसूली नहीं होने से अब अभियान में तेजी लाने की तैयारी है।
समीक्षा बैठक में निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने अधिकारियों को चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े बकायादारों से सीधे फोन पर संपर्क कर बकाया राशि जमा कराने के लिए कहा जाए। इसके बाद भी भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएं।
निगम प्रशासन की इस कवायद से अब उन बड़े करदाताओं पर दबाव बढ़ना तय है, जिनकी संपत्तियों पर लंबे समय से टैक्स बकाया है। हालांकि, कार्रवाई की असली परीक्षा तब होगी, जब निगम अपने ही जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली बकायादारों से वसूली सुनिश्चित कर पाएगा।
यह भी पढ़ें- मैहर में घर में घुसकर पीटा, किराना दुकान में तोड़फोड़ में 10 नामजद; घटना का वीडियो वायरल