
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : नशे के कारोबारियों ने पुलिस से बचने के लिए एमडी ड्रग्स छिपाने का नया ठिकाना तलाश लिया था। पुलिस ने आरोपितों को पकड़ा तो ड्राइवर सीट के पास हैंडरेस्ट के अंदर 17 ग्राम एमडी ड्रग्स छिपाकर रखी मिली। पुलिस ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर ड्रग्स और कार जब्त कर ली।
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के अनुसार कार्रवाई गुरुवार को हुई। क्राइम ब्रांच की टीम शिवाजी नगर में सड़क किनारे बिना नंबर की सफेद कार (अर्टिगा) में रोहित वर्मा, क्रिश दुबे और समीर अहीर को पकड़ा।
पुलिस ने कार की तलाशी ली। ड्राइवर सीट के पास लगे हैंडरेस्ट के अंदर से 17 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर एमडी और बिना नंबर की कार जब्त कर ली। पुलिस के अनुसार आरोपित रोहित वर्मा नौवीं तक पढ़ा है और सोफा कवर चढ़ाने का काम करता है। क्रिश दुबे बीकाम तृतीय वर्ष का छात्र बताया गया है, जबकि समीर अहीर आठवीं पास है और दीवारों पर टेक्सचरिंग का काम करता है।
इंदौर: क्राइम ब्रांच दो बदमाशों को हथियारों की खरीद फरोख्त के मामले में पकड़ा है। आरोपितों से पुलिस को तीन देशी पिस्टल, एक कट्टा और चार जिंदा कारतूस मिले है।
डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के अनुसार मो. शादाब खान, निवासी न्यू आजाद नगर पिस्टल लेकर घूम रहा था। टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ा और पूछताछ की। पुलिस के अनुसार शादाब ने बताया कि उसका साथी आरिफ खान स्कूटी में अवैध हथियार लेकर दस्तूर डिलाइट गार्डन के पीछे मैदान में खड़ा है।
पुलिस ने आरिफ खान को पकड़ा तो स्कूटर की सीट के नीचे बनी डिक्की तीन देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और चार जिंदा कारतूस मिले। इनमें दो पिस्टल में मैग्जीन लगी हुई थी। कारतूस में तीन छोटे और एक बड़ा कारतूस शामिल है।आरोपित शादाब 10वीं तक पढ़ा है और वाहनों में डेंटिंग-पेंटिंग का काम करता है।
आरिफ आठवीं तक पढ़ा है और टायर रिमोल्डिंग का काम करता है। दोनों का आपराधिक रिकार्ड भी सामने आया है। शादाब के खिलाफ तुकोगंज थाने में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी सहित धाराओं में मामला दर्ज है, जबकि आरिफ के खिलाफ आजाद नगर थाने में जुआ एक्ट का प्रकरण दर्ज है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में पैर पसारता एमडी ड्रग्स का कारोबार, अब तक 81 तस्कर पकड़े, राजस्थान के तीन जिलों तक फैले तार