
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शहर के विकास की रफ्तार परखने के लिए प्रदेश के दो मंत्री शनिवार को बुलेट पर सवार होकर सड़क पर निकले। नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बाइक का हैंडल संभाला, जबकि जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट पीछे बैठे।
दोनों मंत्रियों ने मध्यप्रदेश के पहले डबल डेकर फ्लाईओवर, लव-कुश चौराहे पर भी बुलेट दौड़ाई। इस दौरान विजयवर्गीय ने ब्रिज की खासियत और शहर के यातायात में इसकी उपयोगिता बताई।
विजयवर्गीय ने कहा कि लव-कुश चौराहे पर तैयार हुआ डबल डेकर फ्लाईओवर आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इससे इंदौरवासियों को बेहतर यातायात की सौगात मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ आगामी सिंहस्थ के दौरान भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लवकुश डबल लेयर फ्लाईओवर की दोनों भुजाओं के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारी शुरू हो गई है। प्रदेश के पहले डलब लेयर फ्लाईओवर की सौगात इंदाैर और सांवेर विधानसभा क्षेत्र की जनता को मिलने जा रही है। शनिवार को लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला, संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर शिवम वर्मा ने दौरा किया। मंत्री तुलसी सिलावट द्वारा यहां पर विशाल डोम, मंच, बिजली, माइक-साउंड, लोकार्पण शिलालेख आदि व्यवस्थाएं जुटाने के निर्देश दिए गए।
लवकुश चौराहा पर डबल लेयर फ्लाईओवर के शुरू होने के बाद इंदौर को बड़ी उपलब्धि मिलेगी। इससे लाखों लोगों की आवाजाही सुगम होगी। विकसित भारत के बढ़ते कदम की तरफ यह एक बड़ी उपलब्धि है। मुख्यमंत्री इसकी सौगात इंदाैर और सांवेर क्षेत्र की जनता को देंगे। सिंहस्थ में देश-विदेश से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका फायदा मिलेगा। - तुलसी सिलावट, जल संसाधन मंत्री
यह भी पढ़ें- इंदौर को मिली बड़ी सौगात, लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की पहली लेन शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति