
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : दीपावली की रात रविवार को शहर में आतिशबाजी से आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इसमें सरवटे बस स्टैंड, खजराना, स्कीम नंबर-54, विजयनगर, नंदबाग सहित लगभग 50 से ज्यादा स्थानों पर दुर्घटना हुई है।
कहीं टायर और फर्नीचर जलकर खाक हो गए तो कहीं फ्लैट में रखा गृहस्थी का सामान राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड के दमकल वाहन अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचें और आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि किसी भी घटना में जनहानि की सूचना नहीं है।
फायर ब्रिगेड के अनुसार शहर में लगभग 50 से ज्यादा स्थानों पर दुर्घटनाएं हुई। पहली सूचना रात लगभग नौ बजे सरवटे बस स्टैंड से मिली। यहां दुकान की छत पर रखे टायरों में आग लग गई थी। दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना खजराना क्षेत्र में हुई। यहां गैराज और फर्नीचर के गोदाम में आग लग गई। शेड में बनी दुकानों में रखा फर्नीचर जलकर खाक हो गया। आग से सामान को काफी नुकसान पहुंचा।
देर रात स्कीम नंबर-54 में रजत ज्वेलर्स के ऊपर बने फ्लैट्स में आग लग गई। आग बुझाने के लिए दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सूचना पर एसीपी पराग सैनी, टीआई चंद्रकांत पटेल सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आग में फ्लैट का गृहस्थी का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
विजय नगर क्षेत्र में मिलन हाइट्स के एक फ्लैट में पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। रहवासियों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। समय रहते दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया। समय रहते ही निवासी बाहर निकल गए।
नंदबाग स्थित कचरा प्लॉट में भी देर रात पटाखों की चिंगारी से आग लग गई। घटना के दौरान कुछ कर्मचारी मौके पर मौजूद थे। उन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई।
परदेशीपुरा क्षेत्र में रोड नंबर-छह पर एक कपड़े की दुकान में भी आग लग गई। सूचना पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इन सभी घटनाओं में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है।
पटाखों से आंखों में चोट लगने के मामले सामने आ रहे हैं। सांवेर निवासी सात वर्षीय एक बच्चा बम फटने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पटाखा जलाने के बाद पटाखा नहीं फूटा, तो बच्चा देखने उसके पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और उसकी आंख में गंभीर चोट लग गई।
हादसे में बच्चे की आंखों की रोशनी करीब 80 प्रतिशत तक कम हो गई। डॉक्टर के अनुसार धमाके से बच्चे की पलक के साथ आंख के अंदरूनी हिस्से में चोट आई है। आंख के अगले हिस्से में खून जम गया है। इस वजह से फिलहाल पता लगाना मुश्किल है कि आंख के अंदर कितनी गहरी चोट पहुंची है। दवाइयों से खून साफ होने और बच्चे की नजर में सुधार आने की उम्मीद कर रहे हैं।
बाणगंगा निवासी सात वर्षीय बच्चे को सुतली बम के कारण चोट लगी। बच्चे की आंख के कार्निया यानी पारदर्शी ऊपर सतह पर चोट लगी है और घाव बन गया है। उसकी आंख पर पट्टी बांधकर दवाइयां दी जा रही है। इसी तरह 12 साल के बच्चे की आंख के सफेद हिस्से में चोट लगी है, जहां खून जम गया है। उसका भी उपचार किया जा रहा है।
दीपावली से पहले करीब 25 साल के एक युवक की दोनों आंखों में भी पटाखें से चोट लगी थी। युवक स्काई शाट जला रहा था। पटाखा फूटने के बाद उससे निकले कण उसकी दोनों आंखों की पुतलियों पर चिपक गए। इससे कार्निया को नुकसान पहुंचा। डाक्टरों ने आंखों की सफाई कर दवाइयां और आई ड्राप्स दी हैं।
एमवाय अस्पताल में भी बम के कारण आंखों में चोट लगने के छह मरीज पहुंचे हैं। दीपावली के दौरान पटाखों से होने वाली आंखों की चोट के ये मामले चिंता बढ़ाने वाले हैं।
यह भी पढ़ें- MP में दीवाली पर पटाखे चलाने पर मुस्लिम युवकों ने बच्ची को पीटा, भीड़ ने पुलिस की गाड़ी पर किया पथराव