
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। लवकुश चौराहे पर तैयार डबल लेयर फ्लाईओवर का लोकार्पण फिलहाल टाल दिया गया है। पहले 28 अक्टूबर को इसकी दोनों भुजाओं से ट्रैफिक शुरू किया जाना था, लेकिन 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री की व्यस्तता के कारण कार्यक्रम को आगे बढ़ाना पड़ रहा है। संभावना है कि दीपावली के पहले इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री के द्वारा किया जाएगा। हालांकि अभी नई तारीख की घोषणा नहीं हुई है।
प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर का लोकार्पण 28 अक्टूबर को प्रस्तावित था, लेकिन अधिक समय लगने और शहर में ही अन्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की सहभागिता के कारण तारीख को आगे बढ़ाया गया है। इसकी एक भुजा से 23 जुलाई को ट्रायल के तौर पर यातायात शुरू कर दिया गया है।
फ्लाईओवर की 23 मीटर ऊंचाई पर चौराहे के बीच लगी 65 मीटर लंबी बो-स्ट्रिंग पर फसाड लाइटिंग भी लगाई गई है, जो रात में अलग-अलग रंगों में चमकेगी। 175 करोड़ रुपये की लागत से इसका निर्माण पूरा कर लिया गया है। दूसरी भुजा के शुरू होने से मरीमाता से उज्जैन रोड की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को फायदा मिलेगा।
निर्माण के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए) ने पियर पर सीमेंट सेगमेंट रखने का काम रात में कराया। एक माह में दो स्पान पर सेगमेंट रखने की प्रक्रिया अपनाई गई। सेगमेंट तैयार करने का काम सुपर कॉरिडोर पर किया गया, जबकि उन्हें चौराहे तक लाकर स्थापित करने में करीब एक वर्ष लगा।