
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराध में आरोपित होने के बावजूद किसी नाबालिग को केवल अपराध की गंभीरता के आधार पर जमानत से वंचित नहीं किया जा सकता। किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम के तहत जमानत देना सामान्य नियम है, जबकि जमानत से इनकार करना अपवाद है। इस महत्वपूर्ण टिप्पणी के साथ हाई कोर्ट ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में 17 वर्ष 5 माह आयु के किशोर को जमानत पर रिहा करने के आदेश दिए हैं।
न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने स्पष्ट किया कि एनडीपीएस एक्ट में जमानत के लिए निर्धारित कठोर प्रावधान भी किशोर न्याय अधिनियम की धारा 12 के विशेष प्रावधानों को निष्प्रभावी नहीं कर सकते। इस आधार पर हाई कोर्ट ने किशोर न्याय बोर्ड और अपीलीय न्यायालय द्वारा जमानत निरस्त किए जाने के आदेशों को निरस्त कर दिया।
हाई कोर्ट ने किशोर को 50 हजार रुपये के व्यक्तिगत मुचलके और इतनी ही राशि के सक्षम जमानतदार की शर्त पर उसकी मां की सुपुर्दगी में रिहा करने का निर्देश दिया है।
मंदसौर जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत पुलिस ने 7 सितंबर 2026 को किशोर को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि किशोर और उसके एक वयस्क साथी के संयुक्त कब्जे से 20 किलो 600 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ था। किशोर के व्यक्तिगत कब्जे से 6.350 किग्रा डोडा-चूरा मिलने का आरोप है।
किशोर न्याय बोर्ड ने 18 सितंबर को किशोर की जमानत याचिका निरस्त कर दी थी। इसके बाद सेशन कोर्ट ने भी 24 सितंबर को अपील निरस्त कर दी। इन्हें चुनौती देते हुए किशोर ने मां के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी।
हाई कोर्ट ने आदेश में कहा कि किशोर न्याय अधिनियम के तहत किसी बच्चे को जमानत देने से इनकार केवल निर्धारित तीन परिस्थितियों में ही किया जा सकता है। इनमें रिहाई के बाद बच्चे का किसी ज्ञात अपराधी के संपर्क में आने की आशंका, उसके नैतिक, शारीरिक या मानसिक खतरे में पड़ने की संभावना अथवा न्याय के उद्देश्यों के विफल होने की आशंका शामिल है।
जमानत निरस्त करते समय इन परिस्थितियों के समर्थन में उचित आधार और स्पष्ट कारण आदेश में दर्ज होना आवश्यक है। केवल अपराध की गंभीरता या भविष्य में अपराध दोहराए जाने की सामान्य आशंका के आधार पर किशोर को हिरासत में नहीं रखा जा सकता।
हाई कोर्ट ने सामाजिक जांच रिपोर्ट पर भी विचार किया। इस रिपोर्ट के मुताबिक किशोर का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था। रिपोर्ट में किशोर को आदतन या पेशेवर अपराधी भी नहीं बताया गया। संप्रेक्षण गृह में भी उसका व्यवहार संतोषजनक पाया गया था। हालांकि रिपोर्ट में माता-पिता के नियंत्रण में कमी और वयस्कों की संगत का उल्लेख जरूर था, लेकिन ऐसा कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया, जिससे किशोर को गंभीर अपराधी माना जा सके।
यह भी पढ़ें- भोपाल में गड्ढों से मिलेगी राहत, नगर निगम ने तेज किया सड़कों की मरम्मत का अभियान, कई इलाकों में डामरीकरण
हाई कोर्ट ने कहा कि अभिभावक बच्चे की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं, ऐसे में उसे लंबे समय तक संप्रेक्षण गृह में रखना किशोर न्याय अधिनियम के पुनर्वास और सुधार संबंधी उद्देश्यों के विपरीत होगा। कोर्ट ने मां को किशोर की उचित देखभाल और निगरानी करने तथा उसे किसी भी अपराधी के संपर्क में आने से रोकने की जिम्मेदारी सौंपी है। किशोर को प्रत्येक पेशी पर बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना होगा और वह अनुमति के बिना क्षेत्राधिकार से बाहर नहीं जा सकेगा।