
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में अधिक अंक हासिल करने के बावजूद स्कूल शिक्षा विभाग के बजाय जनजातीय कार्य विभाग में नियुक्त किए गए अभ्यर्थियों को हाई कोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। न्यायमूर्ति विनय सराफ की एकलपीठ ने याचिकाकर्ताओं को लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) के विज्ञापन के तहत स्कूल शिक्षा विभाग की नियुक्ति सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने की अनुमति दी है। हालांकि, इस अनुमति को याचिका के अंतिम निर्णय के अधीन रखा गया है।
अनिल विश्वकर्मा और अन्य अभ्यर्थियों ने अधिवक्ता मयंक रघुवंशी एवं कार्तिकेय औरंगाबादकर के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। याचिकाकर्ताओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को शहरी क्षेत्रों के स्कूलों में पढ़ाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग और ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थापना के लिए जनजातीय कार्य विभाग में से किसी एक का विकल्प चुनने का अवसर दिया गया था। इसके बावजूद अधिक मेरिट होने पर भी उनका विकल्प बंद कर दिया गया और उन्हें स्कूल शिक्षा विभाग के बजाय जनजातीय कार्य विभाग में नियुक्ति दे दी गई।
सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं की ओर से हाई कोर्ट की जबलपुर मुख्य पीठ के पूर्व आदेशों का हवाला दिया गया। दलील दी गई कि अधिक मेरिट वाले अभ्यर्थियों को केवल इस आधार पर नुकसान नहीं पहुंचाया जा सकता कि उनके अंक अनारक्षित वर्ग की कटऑफ से अधिक हैं। पूर्व में हाई कोर्ट ने ऐसे मामलों में अभ्यर्थियों को उनकी पसंद के अनुसार स्कूल शिक्षा विभाग में नियुक्ति का अवसर देने के निर्देश दिए थे।
याचिकाकर्ताओं ने कोर्ट को बताया कि विभाग ने 6 नवंबर 2026 को विज्ञापन जारी कर पूर्व में समान मामलों में राहत पाने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर दिया है। इसके लिए नाम और अन्य जरूरी विवरण प्रस्तुत करने की अंतिम तारीख 20 नवंबर निर्धारित की गई थी। याचिकाकर्ताओं ने इसी प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति मांगी थी।
यह भी पढ़ें- बेजुबान की अनूठी वफादारी... जिस बुजुर्ग ने रोज खिलाई रोटी, उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुआ 'कालू'