
नवदुनिया प्रतिनिधि, सीहोर। इंसान और बेजुबान के बीच निस्वार्थ प्रेम और वफादारी की एक अनूठी मिसाल शुक्रवार को शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में देखने को मिली। जिस स्ट्रीट डाग 'कालू' को 75 वर्षीय बुजुर्ग रोज स्नेह से रोटी खिलाते थे, उनके निधन पर वही बेजुबान उनकी अंतिम यात्रा का हिस्सा बन गया। कालू न केवल शव यात्रा के साथ श्मशान घाट तक गया, बल्कि दाह संस्कार के बाद श्रद्धांजलि सभा के दो मिनट के मौन में भी अनुशासित होकर बैठा रहा।
गल्ला मंडी के मेन रोड स्थित राधेश्याम मंदिर चौराहे के आसपास रहने वाले 'कालू' को मोहल्ले के सभी लोग जानते हैं और खाने को देते हैं। लेकिन भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के सेवानिवृत्त कर्मचारी 75 वर्षीय मोहनलाल रायकवार के साथ उसका गहरा लगाव था। रायकवार रोज नियम से कालू को रोटी व अन्य खाद्य सामग्री खिलाते और नाम पुकारकर उससे बातें करते थे। रोजमर्रा के इस व्यवहार ने दोनों के बीच एक गहरा आत्मीय रिश्ता बना दिया था।
शुक्रवार को मोहनलाल रायकवार के निधन के बाद सुबह करीब 11 बजे मंडी क्षेत्र से उनकी अंतिम यात्रा विश्राम घाट के लिए निकली। यात्रा में परिजन, बैंक के पूर्व सहकर्मी और समाजजन शामिल थे। इसी दौरान कालू भी बिना किसी के बुलाए शव यात्रा के पीछे चल पड़ा और श्मशान घाट जा पहुंचा।
यह भी पढ़ें- भोपाल का 12वीं पास नटवरलाल गिरफ्तार, कभी PMO का IAS तो कभी कलेक्ट्रेट का अफसर बनकर की करोड़ों की ठगी
दाह संस्कार के बाद जब श्रद्धांजलि सभा हुई और संचालक ने दो मिनट का मौन रखने को कहा, तो कालू सभा के ठीक सामने आकर बैठ गया। वह पूरे समय शांत रहा और संचालक द्वारा 'ओम शांति' कहने के बाद ही वहां से उठा।
अंतिम संस्कार के बाद परंपरा के अनुसार जब लोग दिवंगत के घर पहुंचे, तो कालू भी उनके साथ रायकवार के घर तक गया। वहां कुछ देर रुकने के बाद वह चुपचाप अपने ठिकाने की ओर लौट गया। शव यात्रा में शामिल व्यवसायी जयंत शाह, एडवोकेट राकेश सक्सेना और पूर्व पार्षद रामप्रकाश चौधरी ने बताया कि कालू का यह व्यवहार देखकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। उसने पूरे समय एक परिवार के सदस्य की तरह अंतिम विदाई की हर रस्म में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।