
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। देवास विधायक गायत्री राजे पवार के ट्रस्ट की पलासिया स्थित करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को लेकर हाई कोर्ट ने महत्वपूर्ण आदेश दिया है। कोर्ट ने नगर निगम से कहा है कि वह 90 दिन के भीतर ट्रस्ट के आवेदन पर नए सिरे से निर्णय ले। प्लाट फ्री-होल्ड कराने को लेकर ट्रस्ट और इंदौर नगर निगम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है।
यह संपत्ति श्रीमंत महाराजा तुकोजीराव पवार धार्मिक एवं चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम पर है। पलासिया स्थित इस प्लाट का क्षेत्रफल 35 हजार वर्गफीट से ज्यादा है। इस जमीन को फ्री-होल्ड कराने के लिए ट्रस्ट ने नगर निगम में आवेदन दिया था। लंबे समय तक निगम और ट्रस्ट के बीच पत्राचार भी हुआ लेकिन बाद में निगम ने यह कहते हुए ट्रस्ट का आवेदन निरस्त कर दिया कि इस संबंध में जिला कोर्ट में पहले से सीविल वाद चल रहा है।
इस पर ट्रस्ट कोर्ट पहुंचा और याचिका दायर की। इसमें ट्रस्ट ने तर्क रखा कि जिला कोर्ट ने मामले में किसी तरह का स्टे नहीं दिया है। ऐसी स्थिति में नगर निगम को फ्री-होल्ड के दिए गए आवेदन पर विचार करना चाहिए। याचिका का निराकरण करते हुए कोर्ट ने नगर निगम से कहा है कि वह 90 दिन के भीतर ट्रस्ट के आवेदन पर नए सिरे से निर्णय ले।
यह भी पढ़ें- 60 दिन में हटाना था कब्जा, सालभर बाद भी कार्रवाई नहीं, एमपी हाई कोर्ट ने इंदौर कलेक्टर से मांगा जवाब
यह भी पढ़ें- पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन का मालिकाना हक नहीं मिलताः हाई कोर्ट