
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में स्पष्ट किया है कि यौन मंशा से नाबालिग लड़की का हाथ पकड़ना भी पॉक्सो एक्ट के तहत यौन हमला माना जाएगा। कोर्ट ने कहा कि यदि परिस्थितियों से आरोपित की यौन मंशा साबित होती है, तो उसका यह कृत्य पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के दायरे में आता है।
इसी आधार पर हाई कोर्ट ने आरोपित की दोषसिद्धि और सजा को बरकरार रखते हुए उसकी अपील खारिज कर दी। न्यायमूर्ति आलोक अवस्थी की एकलपीठ ने यह फैसला आरोपित की उस अपील पर सुनवाई के बाद सुनाया, जिसमें उसने विशेष न्यायाधीश द्वारा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत सुनाई गई सजा को चुनौती दी थी।
अभियोजन के अनुसार, 23 सितंबर 2020 को आरोपित यूसुफ पीड़िता के घर में मिस्त्री का काम कर रहा था। घटना के समय लड़की के माता-पिता और बड़ी बहन घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान आरोपित ने नाबालिग का हाथ यौन मंशा से पकड़ लिया।
लड़की ने इसका विरोध किया, लेकिन आरोपित ने हाथ नहीं छोड़ा। इसके बाद पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर गैलरी में पहुंची और दरवाजा बंद कर लिया। आरोपित ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी। बाद में लड़की ने अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई, जिसके बाद रावजी बाजार थाने में आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान पाया कि पीड़िता की उम्र आधिकारिक दस्तावेजों से प्रमाणित थी। साथ ही, घटना के महत्वपूर्ण तथ्यों को लेकर उसकी गवाही लगातार एक जैसी रही। कोर्ट ने यह भी कहा कि पुलिस के सामने दिए गए बयान और कोर्ट में हुई गवाही के बीच मामूली अंतर होना स्वाभाविक है। इसी तरह मां और बेटी के बयानों में छोटे-मोटे अंतर के आधार पर मूल मामले को खारिज नहीं किया जा सकता।
हाई कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि यौन अपराधों के मामलों में यदि पीड़िता की गवाही विश्वसनीय है, तो दोषसिद्धि के लिए हर बार स्वतंत्र गवाह या अतिरिक्त पुष्टि आवश्यक नहीं होती। हाई कोर्ट ने मामले के साक्ष्यों और परिस्थितियों का परीक्षण करने के बाद अपील में हस्तक्षेप का कोई आधार नहीं पाया।
यह भी पढ़ें- MP के पन्ना में 400 साल पुरानी पृथ्वी परिक्रमा में उमड़ा आस्था का सैलाब, नेपाल-कनाडा से पहुंचे श्रद्धालु
कोर्ट ने विशेष न्यायाधीश के फैसले को सही ठहराते हुए आरोपित की दोषसिद्धि और सजा बरकरार रखी तथा अपील खारिज कर दी। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पॉक्सो एक्ट की धारा 7 के तहत यौन मंशा से किया गया शारीरिक संपर्क अपराध है। ऐसे मामलों में केवल शारीरिक संपर्क की प्रकृति ही नहीं, बल्कि उसके पीछे की मंशा और घटना की परिस्थितियां भी महत्वपूर्ण होती हैं।