
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पलासिया और तिलक नगर थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार की सुबह सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दोस्त को मामूली चोटें आई हैं। दोनों नाइट शिफ्ट खत्म कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेंट पॉल स्कूल के पास एक तेज गति बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान उदय (28) पिता कमल कश्यप निवासी विनोबा नगर के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त सौरभ पाटिल के साथ सोमवार सुबह करीब 9 बजे नाइट शिफ्ट खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान सेंट पॉल स्कूल के पास एक तेज गति बाइक ने उदय और सौरभ की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उदय के सिर में गंभीर चोट आई।
सौरभ उसे ऑटो रिक्शा की मदद से एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उदय के परिवार में उसकी मां और एक छोटा भाई है, जबकि पिता की काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी है। उदय एक पैकेजिंग कंपनी में काम करता था और पूरे परिवार का अकेला सहारा था।
यह भी पढ़ें- महिला एवं बाल विकास दफ्तर में भीषण आग, रातभर सुलगते रहे दस्तावेज, 2020 तक का रिकॉर्ड जलकर खाक