नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने जुलाई में विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं का अंतिम चरण रखा है। छह महीने इंतजार करने के बाद आयोग अब राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2023 के इंटरव्यू करवाने जा रहा है। सात जुलाई से चयनित उम्मीदवारों को बुलाया गया है।
इस प्रक्रिया के लिए पहली बार आयोग ने बदलाव किया है, जिसमें साक्षात्कार के पहले भरवाए जाने वाले फार्म में उम्मीदवारों को अपना उपनाम, जाति, मोबाइल नंबर और ई-मेल का उल्लेख नहीं करना है। फार्म में विभागों की प्राथमिकता बताना है। राज्य सेवा परीक्षा 2023 के माध्यम से आठ विभागों के 229 पदों को भरा जाएगा। साक्षात्कार की प्रक्रिया में 800 उम्मीदवार हिस्सा लेंगे।
अक्टूबर 2023 में राज्य सेवा परीक्षा 2023 की अधिसूचना निकाली गई थी। जनवरी 2024 को प्रारंभिक और मार्च 2024 को मुख्य परीक्षा करवाई गई। नौ महीने बाद यानी 30 दिसंबर 2024 को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। आठ विभागों के 229 रिक्त पदों पर 800 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए, जिनमें 659 मुख्य और 141 प्रावधिक भाग में शामिल हैं।
27 डिप्टी कलेक्टर, 22 पुलिस उप अधीक्षक, 17 मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत, 16 विकासखंड अधिकारी, 122 सहकारी निरीक्षक, 17 मुख्य नगर पालिका अधिकारी, तीन-तीन नायब तहसीलदार व आबकारी उप निरीक्षक शामिल हैं।
चयनित उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के मुताबिक सात जुलाई से साक्षात्कार शुरू होंगे। प्रतिदिन 60-65 उम्मीदवारों को बुलाया गया है। 21 दिनों के भीतर साक्षात्कार की प्रक्रिया खत्म करनी होगी।
प्रदेशभर के सरकारी अस्पतालों में विभिन्न पद खाली हैं, जिनमें चिकित्सकों की भर्ती होनी है। जुलाई में आयोग ने सर्जरी, एनेस्थीसिया और शिशु रोग विशेषज्ञ के रिक्त पदों के लिए साक्षात्कार तय किए हैं। अधिकारियों के मुताबिक इन पदों पर भर्ती प्रक्रिया को महीनेभर में पूरा किया जाएगा। इसके बाद 25 दिनों के भीतर अंतिम चयन प्रक्रिया का रिजल्ट निकाला जाएगा।