_m.webp)
नईदुनिया न्यूज, बड़नगर। नयापुरा रोड स्थित मस्जिद के सामने गाड़ी अड्डे की निजी जमीन पर नगरपालिका परिषद द्वारा रातोंरात सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण करा दिया गया। निजी संपत्ति पर सरकारी राशि से हुए इस निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि नगरपालिका के अधिकारी और अध्यक्ष भी मामले में स्पष्ट जवाब देने से बचते नजर आ रहे हैं।गाड़ी अड्डा लंबे समय से एक परिवार की निजी संपत्ति है। पहले यहां बैलगाड़ियां खड़ी होती थीं, जिसके एवज में परिवार किराया वसूलता था।
वर्तमान में यहां ट्रक सहित अन्य चारपहिया वाहन खड़े किए जाते हैं और परिवार द्वारा वाहन मालिकों से किराया लिया जाता है। इसके बावजूद नगरपालिका ने इस पूरी निजी जमीन पर सीमेंट कंक्रीट सड़क का निर्माण करा दिया। आसपास के रहवासियों ने सुबह निर्माण देखा तो आश्चर्य जताया। मामले में मुख्य नगरपालिका अधिकारी मंशाराम निगवाल से चर्चा की तो उन्होंने निर्माण को गैरकानूनी बताया। उनका कहना था कि काम रुकवाने के लिए इंजीनियर रवि पांचाल को भेजा गया था। इंजीनियर ने उन्हें निर्माण कार्य रोकने की जानकारी दी थी।
वहीं, इंजीनियर रवि पांचाल ने बताया कि उन्होंने मौके का निरीक्षण कर काम रुकवा दिया था। जब उनसे पूछा गया कि सड़क का निर्माण तो हो चुका है, तो उन्होंने कहा कि किए गए निर्माण का हर्जाना जमीन मालिक से वसूला जाएगा। इधर, नगरपालिका अध्यक्ष अभय टोंग्या ने मामले को सामान्य बताते हुए कहा कि करीब 100 से 150 मीटर ही निर्माण हुआ है। इस तरह के छोटे-मोटे काम होते रहते हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन काफी लंबी-चौड़ी है और उस पर निर्माण कराया गया है।
यह भी पढ़ें- टक्कर मारकर भाग रही कार को पकड़ने दौड़ा युवक, पीछा करने पर बाइक सवार को 100 फीट तक घसीटा, मौत
दूसरी सड़कों पर गड्ढे, यहां निजी जमीन पर निर्माणस्थानीय नागरिक शेख मोहम्मद हुसैन ने कहा कि निजी जमीन पर नगरपालिका द्वारा इस तरह निर्माण कराया जाना निंदनीय है। इसमें भ्रष्टाचार की आशंका दिखाई दे रही है। वहीं नयापुरा निवासी विक्रम वर्मा ने बताया कि उनके मोहल्ले में सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। कई बार नगरपालिका से शिकायत कर सड़क सुधारने की मांग की, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
दूसरी ओर निजी जमीन पर निर्माण कराया जा रहा है। नागरिकों का सवाल है कि जब नगर के कई वार्डों में सड़क निर्माण के काम फंड की कमी बताकर अटके हुए हैं, तो निजी जमीन पर सरकारी राशि खर्च करने की जरूरत क्यों पड़ी। नपा को स्पष्ट करना चाहिए कि निर्माण किसकी अनुमति से और किस मद से कराया गया।