Nani Bai Ro Mayro: इंदौर में बोलीं जया किशोरी- दुनिया के भरोसे जिंदगी के फैसले कभी मत लेना
Nani Bai Ro Mayro: प्रवचनकार जया किशोरी ने कथा के समापन पर कहा- आज घर-घर में महिलाएं ही महिलाओं से ईर्ष्या कर रही हैं। ...और पढ़ें
By Hemraj YadavEdited By: Hemraj Yadav
Publish Date: Sun, 21 May 2023 09:14:35 PM (IST)Updated Date: Sun, 21 May 2023 09:14:35 PM (IST)

Nani Bai Ro Mayro: इंदौर (नईदुनिया प्रतिनिधि)। दुनिया के भरोसे जिंदगी के फैसले कभी मत लेना । जिंदगी का फैसला लेते समय यह मत सोचना कि लोग क्या कहेंगे? आज घर-घर में महिलाएं ही महिलाओं से ईर्ष्या कर रही हैं, एक-दूसरे से झगड़ रही हैं। बेटी तो शादी के दूसरे दिन ही अपने ससुराल को अपना घर बना लेती है, जबकि शादी के कई सालों बाद भी जवाई अपने ससुराल को अपना घर नहीं मान पाता है। एक बात जान लो राधिका की स्तुति करोगे तो कृष्ण दौड़े चले आएंगे।
![naidunia_image]()
यह बात ख्यात प्रवचनकार जया किशोरी ने रविवार को तिलक नगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में कही। वे गीता रामेश्वरम पारमार्थिक न्यास द्वारा आयोजित तीन दिवसीय नानी बाई रो मायरो के अंतिम दिन संबोधित कर रही थी। उन्होंने भगवान को मायरा भरने के लिए बुलाने के लिए राधाजी की स्तुति करते हुए कहा कि जब भगवान कृष्ण को मनाना होता है तो पहले राधाजी के नाम का जाप करें। हम लोग रीति-रिवाज के नाम पर बेटी को हमेशा से परिवार से अलग करते आए हैं। सास जब बहू बनकर आई थी, तब उनके साथ बुरा व्यवहार किया गया था। आज वह अपनी बहू के साथ बुरा व्यवहार कर रही हैं। उन्हें चाहिए कि वह एक-दूसरे के साथ अच्छा व्यवहार करें। कथा के प्रसंग के अनुसार आयोजक पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल अपने परिवार के सदस्यों के साथ मायरा लेकर आए। देवास के पूर्व महापौर जयसिंह दरबार, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता उमराव सिंह मौर्य, हुकुमसिंह सांखला, रामस्वरूप गहलोत, मोतीसिंह पटेल ने आरती की।
![naidunia_image]()
'बच्चों की हर जिद पूरी की तो जिंदगीभर रुलाएंगे'
जया किशोरी ने कहा कि एक दुखी व्यक्ति को कभी भी कोई ज्ञान समझ में नहीं आता है। जब भी आप दुखी हो तो कभी भी खाली मत बैठो। अपने आपको व्यस्त रखो। उन्होंने बच्चों की जिद पर कहा कि यदि हम आज इनकी जिद पूरी नहीं करेंगे तो वह थोड़ी देर रोएगा, लेकिन यदि आज हम उसकी हर जिद पूरी करते रहेंगे तो वह जिंदगीभर हमें रुलाएगा। बच्चे से लाड़ करने का मतलब यह नहीं है कि उन्हें गलत चीजें सिखाई जाएं।