
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से 25 अक्टूबर से लागू होने जा रहे विंटर शेड्यूल में हवाई सेवाओं का नया समीकरण बनेगा। बैंकाक, गोंदिया और जोधपुर के लिए सीधी उड़ानों की शुरुआत होगी, तो दूसरी ओर जबलपुर से हवाई संपर्क टूट जाएगा। नए शेड्यूल में अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी बढ़ने के साथ घरेलू उड़ानों के विकल्प भी बदलेंगे।
विंटर शेड्यूल का सबसे अहम आकर्षण बैंकॉक के लिए दूसरी अंतरराष्ट्रीय उड़ान होगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस 2 दिसंबर से इस रूट पर नई उड़ान शुरू करेगी, जो सप्ताह में चार दिन संचालित होगी। हालांकि विंटर शेड्यूल में इस उड़ान का शेड्यूल है, लेकिन कंपनी ने अभी इसकी बुकिंग शुरू नहीं की है। यह उड़ान इंदौर से सुबह 9.40 बजे जाएगी और शाम वापस इंदौर आएगी।
इसके शुरू होने पर इंदौर से विदेश जाने वाले यात्रियों को दूसरी अंतरराष्ट्रीय उड़ान मिलेगी। अभी यूएई के अबूधाबी के लिए सीधी उड़ान संचालित होती है। यह उड़ान अभी रात्रि में 7.50 बजे रवाना होती है और रात्रि में वापस आती है, लेकिन 25 अक्टूबर से सुबह 8.40 बजे रवाना होगी और शाम को वापस इंदौर आएगी। इससे यात्रियों को रात्रि जागरण करने से राहत मिलेगी।
इंडिगो अहमदाबाद रूट पर तीसरी उड़ान शुरू करेगी। इससे इस व्यस्त रूट पर यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। वहीं गोवा और पुणे के रास्ते कोच्चि पहुंचने के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट की सुविधा भी मिलेगी। इससे इंदौर से केरल जाने वाले यात्रियों को फायदा होगा। गोवा और पुणे होकर वे यहां पर पहुंच सकेंगे और उनको उड़ान बदलने की आवश्यकता नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए हवाई सेवाओं का शीतकालीन शेड्यूल लागू
विंटर शेड्यूल में मुंबई और दिल्ली रूट पर कुछ उड़ानें बंद होंगी, जबकि कुछ उड़ानों की संख्या बढ़ेगी। दिल्ली रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की चार में से तीन उड़ानें रह जाएंगी। वहीं मुंबई रूट पर दो की अपेक्षा तीन उड़ानें संचालित होंगी। दिल्ली रूट पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की दो उड़ानें संचालित होती हैं, लेकिन 25 से एक ही उड़ान रह जाएगी। ऐसे में यात्रियों को टिकट बुक करने से पहले नया शेड्यूल देखना होगा। वहीं जबलपुर की उड़ान बंद होगी, इससे यात्रियों का हवाई संपर्क टूट जाएगा।