
हर्षल सिंह राठौड़, नईदुनिया इंदौर। ‘हम चार बहनें, केवल बावड़ियां नहीं, बल्कि इतिहास की वे धरोहर हैं, जिनका अस्तित्व इस राजभवन से पहले का है। हम साक्ष्य हैं होलकर राजवंश द्वारा बनवाई गई भारतीय और यूरोपीय वास्तुकला की इस अद्भुत संरचना के निर्माण, इसके बिगड़ते सौंदर्य और संवरती सूरत के प्रयासों की।
देश आजाद हुआ और यह पैलेस पुरातत्व विभाग की धरोहर बन गया। पैलेस की सूरत को संवारने की कोशिश पुरातत्व विभाग, पर्यटन निगम, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और वर्ल्ड मान्यूमेंट्स फंड कर रहे हैं, पर मलाल इस बात का है कि हमारे संरक्षण की आवश्यकता को दरकिनार कर दिया गया है।’ यह पीड़ा है लालबाग पैलेस परिसर में बनी चार बावड़ियों की, जिनमें वर्षभर जल रहने के बावजूद उनके संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया जा रहा।
पैलेस के भीतरी भाग को निखारने का जिम्मा वर्ल्ड मान्यूमेंट्स फंड और पुरातत्व विभाग उठा रहे हैं, तो परिसर के सुंदरीकरण और सुविधायुक्त बनाने की जिम्मेदारी पर्यटन निगम निभा रहा है। परिसर के सुंदरीकरण और उसे पर्यटकों के अनुकूल बनाने के लिए 47.59 करोड़ रुपये की लागत से कार्य किया जा रहा है। आज तक इन बावड़ियों का जल पैलेस के रखरखाव, बगीचों की सिंचाई और निर्माण कार्य में उपयोग हो रहा है।
एक ओर जहां शहर में अभी तक जरूरत से कम पानी बरसा है और भविष्य में जलसंकट को लेकर शहर के कुएं-बावड़ियों से उम्मीद लगाई जा रही है। परिसर में बगीचे, एम्फीथियेटर, गार्डन कैफे, फव्वारे, साइकिल ट्रैक और वीकली हाट बनाए जा रहे हैं, लेकिन इन बावड़ियों पर विचार नहीं किया जा रहा। पर्यटन निगम का कहना है कि उनके प्रोजेक्ट में बावड़ियां शामिल नहीं हैं। वहीं पुरातत्व विभाग का कहना है कि पूर्व में प्रयास किए गए थे, पर अभी कोई योजना नहीं है। इससे पूरी योजना पर सवाल उठ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- केंद्र सरकार के दल ने इंदौर में देखी ढाई सौ वर्ष पुरानी होलकरकालीन बावड़ी
वर्तमान में ये चारों बावड़ियां प्रोजेक्ट में शामिल नहीं हैं। पूर्व में इनके संरक्षण के लिए मध्य प्रदेश सांस्कृतिक विभाग को विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट भेजी गई थी, पर कार्य नहीं हो सका। भविष्य में इस दिशा में फिर प्रयास किया जाएगा। - केएल डाबी, उपसंचालक, पुरातत्व विभाग
लालबाग पैलेस परिसर में बावड़ियों के साथ मगर कुआं भी था। इन सभी में पर्याप्त पानी है। इनका निर्माण पैलेस से पहले हुआ था। मगर कुएं से पाइपलाइन डालकर पैलेस की टंकी में पानी भरा जाता था। अब नए सीमांकन के चलते यह कुआं सड़क के दूसरी ओर हो गया, पर कभी यह परिसर का ही हिस्सा हुआ करता था। - प्रकाश परांजपे, इतिहासकार
लालबाग पैलेस की बावड़ियां रिचार्ज जोन में हैं। यहां सतही जल ज्यादा और जल्दी एकत्र होकर जमीन में समाता है। इंदौर बेसाल्ट पत्थर पर बसा है। बेसाल्ट के ऊपर क्षरण के कारण बनी मिट्टी की संरचना व क्षरित बेसाल्ट पानी और उसके भंडारण के लिए उपयुक्त होता है। - सुधींद्रमोहन शर्मा, भूजल विशेषज्ञ