
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत शहीद बगीचा से पलासिया तक के प्रस्तावित मेट्रो प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए डेडलाइन पूर्व में 2027 रखी गई थी। अब इस हिस्से में शहीद बगीचा से खजराना तक का हिस्सा ही एलिवेटेड बनना है। ऐसे में इस हिस्से का निर्माण कार्य पूर्ण अगले एक साल में पूरा करना होगा।
शुक्रवार को मेट्रो के एमडी एस कृष्ण चैतन्य ने इस हिस्से के निरीक्षण के दौरान कार्य को तय समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि इस हिस्से में निर्माण के लिए एजेंसी को मार्च 2024 में ठेका मिला था और जून में निर्माण कार्य शुरू किया गया। हालांकि इस बीच खजराना से पलासिया तक मेट्रो के हिस्से काे अंडर ग्राउंड करने का निर्णय लिया गया। ऐसे जिस एजेंसी को काम सौंपा गया। उसे सिर्फ खजराना शहीद बगीचा व खजराना का एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन ही तैयार करना है।
मेट्रो के एमडी एस कृष्ण चैतन्य से शुक्रवार को एयरपोर्ट स्थित भूमिगत मेट्रो स्टेशन के निर्माणाधीन परिसर में टनल बोरिंग मशीन ‘सरस्वती’ की शाफ्ट लांचिंग की प्रक्रिया का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।
उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को दूर करने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित किया जाए। विभिन्न स्तरों पर लंबित विषयों का समयबद्ध निराकरण करते हुए निर्माण कार्यों को गति प्रदान की जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
शुक्रवार को इंटरनेट पर एक संदेश वायरल हो रहा था कि सुबह सात से 11.45 बजे तक मेट्रो में सिर्फ पांच यात्रियों ने सफर किया। इस संदेश को मेट्रो प्रबंधन ने भ्रामक बताया। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह 7.30 से 11.30 बजे तक मेट्रो में 282 यात्रियों ने सफर किया। सुपर कॉरिडोर से रेडिसन चौराहा स्थित मालवीय नगर मेट्रो स्टेशन के बीच याती सफर शुरू हुए करीब 40 दिन बीत चुके है।
इस समयावधि में मेट्रो में यात्री किराए से 37 लाख रुपये की आय हुई है । मेट्रो में औसतन हर दिन दो से ढाई हजार यात्री प्रतिदिन सफर कर रहे हैं। वही रविवार को 4500 से पांच हजार यात्री सफर कर रहे है। मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक पांच दिन पहले यात्री किराए में छूट बढ़ाई गई है। इसके बाद करीब यात्री संख्या में 26 फीसद इजाफा हुआ है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-इंदौर मेट्रो में सफर होगा 44% तक सस्ता, 11 अक्टूबर से मिलेगा धमाकेदार ऑफर, जानिए कैसे उठाएं फायदा