• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • मध्य प्रदेश
  • इंदौर

मानसून के डेढ़ महीने बीते, सैलानियों को पातालपानी कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का इंतजार

मानसून शुरू हुए डेढ़ महीना बीत गया, लेकिन प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन पातालपानी-कालाकुंड का इंतजार अब भी जारी है।

By Digital DeskEdited By: Prashant Pandey
Publish Date: Mon, 03 Aug 2026 01:02:15 PM (IST)Updated Date: Mon, 03 Aug 2026 01:20:43 PM (IST)
मानसून के डेढ़ महीने बीते, सैलानियों को पातालपानी कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन का इंतजार
पातालपानी कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन। फोटो - सोशल मीडिया

HighLights

  1. हर साल जुलाई के आखिरी हफ्ते में शुरू होने वाली यह ट्रेन इस बार अगस्त में भी नहीं चली
  2. कोच रखरखाव के लिए बीकानेर भेजे गए हैं, कोच आते ही 15-16 अगस्त से ट्रेन शुरू होने की संभावना
  3. मीटर गेज कोचों का रखरखाव कम जगहों पर होता है, इसलिए समय लग रहा है

नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मानसून शुरू हुए डेढ़ माह बीत चुका है। अगस्त का महीना भी शुरू हो गया है। बावजूद इसके अब तक पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने प्रदेश की एकमात्र हेरिटेज ट्रेन का संचालन शुरू नहीं किया है। जबकि पिछले कई वर्षों से जुलाई के अंतिम सप्ताह में हेरिटेज ट्रेन का संचालन शुरू हो जाता था।

इस वर्ष सैलानियों का इंतजार अभी भी जारी है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कोच रखरखाव के लिए राजस्थान भेजे गए हैं। कोच आते ही ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। पातालपानी रेलवे स्टेशन से चलने वाली यह ट्रेन सैलानियों को कालाकुंड तक की यात्रा कराती है। इस दौरान यात्री प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हैं।


रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआत में ट्रेन शनिवार और रविवार को चलेगी। यात्रियों की संख्या को देखते हुए बाद में एक दिन और बढ़ाया जा सकता है। हेरिटेज कॉरिडोर का काम चलने के कारण पिछले वर्ष नवंबर में ट्रेन का संचालन बंद कर दिया गया था।

तब बताया गया था कि दो वर्ष तक ट्रेन नहीं चलेगी, लेकिन इस बार रेलवे इसे फिर से शुरू करने जा रहा है। रेलवे पातालपानी से कालाकुंड मार्ग को हेरिटेज कॉरिडोर के रूप में विकसित कर रहा है। ऐसे में इस वर्ष पारंपरिक हेरिटेज ट्रेन का संचालन खास माना जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि हेरिटेज कॉरिडोर परियोजना के चलते पुरानी हेरिटेज ट्रेन संभवतः अपने मौजूदा स्वरूप में आखिरी बार चलेगी।

भविष्य में इसी ट्रैक पर पर्यटकों को आधुनिक ओपन विस्टाडोम कोच से घाटियों, झरनों और सुरंगों के रोमांचक नजारों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। रेलवे का कहना है कि हेरिटेज कॉरिडोर का निर्माण फिलहाल ट्रैक से दूर जंगल क्षेत्र में चल रहा है, इसलिए ट्रेन संचालन पर इसका असर नहीं पड़ेगा।

छह कोच के साथ चलेगी ट्रेन

ट्रेन में दो वातानुकूलित चेयरकार (सी-1 और सी-2) तथा चार सामान्य चेयरकार (डी-1, डी-2, डी-3 और डी-4) होंगे। पिछले वर्ष एक तरफ के सफर के लिए वातानुकूलित चेयरकार का किराया 265 रुपये और सामान्य चेयरकार का किराया 20 रुपये प्रति टिकट निर्धारित था।

खूबसूरत वादियों से गुजरती है यात्रा

महू रेलवे खंड के पातालपानी रेलवे स्टेशन से हेरिटेज ट्रैक की यात्रा शुरू होती है। इसमें सैलानी पातालपानी से कालाकुंड तक विंध्याचल की वादियों का आनंद लेते हैं। यात्रा के दौरान पातालपानी स्टेशन, पातालपानी जलप्रपात, वैली ब्रिज और कालाकुंड प्रमुख आकर्षण रहते हैं। यह ट्रेन मार्ग में चार सुरंगों से गुजरती है, जो यात्रा के रोमांच को और बढ़ा देती हैं।

यात्रा के दौरान ट्रेन कई प्रमुख स्थानों पर रुकती है, जहां सैलानी उतरकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले सकते हैं। ट्रेन का संचालन शुरू करने से पहले पातालपानी, टंट्या भील व्यू प्वाइंट, कालाकुंड स्टेशन सहित मार्ग के घने जंगल और अन्य प्रमुख स्थलों को भी बेहतर बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- एमपी के लिए मानसून का खास तोहफा... फिर पटरी पर दौड़ेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन, जानें किराया और समय

बीकानेर से आएंगे कोच

इस वर्ष हेरिटेज ट्रेन का संचालन 15 या 16 अगस्त से शुरू होने की संभावना है। कोच रखरखाव के लिए राजस्थान के बीकानेर भेजे गए हैं। मीटर गेज के कोचों का रखरखाव कम स्थानों पर होता है, इसलिए इसमें समय लग रहा है। छह कोचों के 12 या 13 अगस्त तक आने की संभावना है। कोच बीकानेर से इंदौर पहुंचते ही दो से तीन दिन के भीतर ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। - अश्विनी कुमार, डीआरएम, रतलाम मंडल