
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मल्हारगंज क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रही एक युवती साइबर ठगी का शिकार हो गई। आरोपितों ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का कर्मचारी बताकर बैंक में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और अलग-अलग किस्तों में युवती के खाते से 87 हजार रुपए से ज्यादा ट्रांसफर करा लिए। बाद में युवती ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात खाताधारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार मल्हारगंज निवासी सानिया गुप्ता डाटा एनालिसिस की इंटर्नशिप कर रही है। उसने नौकरी के लिए भारतीय रोजगार संस्था डाट काम पर सर्च करने के बाद बैंक की नौकरी के लिए ऑनलाइन फार्म भरा था। 11 अगस्त की दोपहर उसे एक महिला का कॉल आया। महिला ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का कर्मचारी बताया और पोस्ट ऑफिस, रेलवे तथा बैंक में वैकेंसी होने की जानकारी दी।
महिला ने सानिया से पूछा कि उसने किस विभाग के लिए आवेदन किया है। सानिया ने बैंक की नौकरी के लिए फार्म भरने की बात कही। इसके बाद महिला ने एक सीनियर कर्मचारी का कॉल आने की बात कही और उसे पूरी जानकारी देने के लिए कहा। 13 अगस्त को सानिया के पास दोबारा काल आया। काल करने वाले ने खुद को भारतीय रोजगार संस्था का सीनियर कर्मचारी बताया। बातचीत के बाद 17 अगस्त को फिर कॉल किया गया। आरोपितों ने सानिया से कुछ जानकारी नोट करने के लिए कहा कि वह नौकरी दिलाने की प्रक्रिया आसान कर सकती है।
आरोपियों ने सानिया के वाट्सएप नंबर पर कुछ क्यूआर कोड भेजे। अलग-अलग भुगतान के नाम पर उससे 1 हजार, 100 रुपए और 17 हजार रुपए मांगे गए। आरोपियों ने दो बार मनी ट्रांसफर करने के लिए भी कहा। लगातार रुपए की मांग होने पर सानिया को शक हुआ। उसने आरोपियों से अपने रुपए वापस मांगे, जिसके बाद उन्होंने बातचीत बंद कर दी।
सानिया ने दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपितों ने सानिया के खाते से 87 हजार रुपए से ज्यादा की राशि ट्रांसफर कराई है। पुलिस अब उन बैंक खातों के धारकों की जानकारी जुटा रही है, जिनमें रकम ट्रांसफर हुई है।