
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन मैट्रिक्स में क्राइम ब्रांच को एक और संदिग्ध खाता मिला है। जांच में यह खाता बिहार, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान समेत देश के अलग-अलग राज्यों में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों से जुड़ा पाया गया।
बैंक रिकॉर्ड के आधार पर खाते का धारक मूसाखेड़ी निवासी 19 वर्षीय वासु पंवार सामने आया है। मामले में क्राइम ब्रांच ने उसके और अन्य संभावित संलिप्त लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डीसीपी(अपराध) राजेश त्रिपाठी के अनुसार क्राइम ब्रांच को यह जानकारी I4C, गृह मंत्रालय, एनसीआरपी पोर्टल और राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय से मिले संदिग्ध म्यूल बैंक खातों के डेटा के आधार पर मिली। आपरेशन मैट्रिक्स के तहत पुलिस ऐसे खातों की पड़ताल कर रही है, जिनका इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को प्राप्त करने या आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है।
जांच के दौरान बैंक खाते के रिकार्ड को एनसीआरपी और साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज शिकायतों से मिलाया गया। इसमें सामने आया कि खाते से संबंधित लेन-देन का संबंध विभिन्न राज्यों में दर्ज साइबर फ्राड शिकायतों से है। प्रारंभिक जांच में बिहार, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान की शिकायतों के साथ खाते का कनेक्शन मिला है। अन्य राज्यों से जुड़ी शिकायतों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक खाता वास्तव में कौन संचालित कर रहा था और वासु की इसमें क्या भूमिका थी। खाते में आए और वहां से आगे भेजे गए संदिग्ध लेन-देन, मोबाइल नंबर, डिजिटल डिवाइस और दूसरे बैंक खातों की जानकारी खंगाली जा रही है। पुलिस को आशंका है कि खाते के पीछे अन्य लोग भी जुड़े हो सकते हैं।