
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेस लि. (एआईटीसीएसएल) परिसर में बुधवार को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा एवं पीएमई बस सेवा योजना के तहत मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा वंदन कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नागरिकों को सुविधाजनक, सुगम एवं बेहतर सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।
मुख्यमंत्री सुगम परिहवन सेवा में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन योजना के तहत एआईटीसीएसएल द्वारा इंटरसिटी मार्गों पर इंदौर से धार, अशोक नगर, झाबुआ, रतलाम, रीवा, पन्ना, छतरपुर, सतना, जबलपुर, चंदेरी, उज्जैन, खंडवा, बुराहनपुर, भोपाल, मंदसौर/नीमच, ओंकारेश्वर, अहमदाबाद, जयपुर, उदयपुर, मुल्ताई एवं नागपुर अधिसूचित मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है।
वहीं, पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से वर्तमान में 70 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 150 किया जाएगा। बसों के माध्यम से प्रमुख शहरों के साथ देश के महत्वपूर्ण तीर्थस्थलों और महानगरों तक आवागमन को सुगम बनाएंगी। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टैंड, बस स्टॉप और चार्जिंग स्टेशनों के साथ सुव्यवस्थित नियंत्रण प्रणाली भी लागू की गई है।
कार्यक्रम में तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़ एवं एमआइसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया, कलेक्टर शिवम वर्मा ने बस को फ्लैग आफ किया। यात्रियों सहित सभी ने बस में सफर किया।
वहीं, एआइसीटीएसएल के कार्यकारी निदेशक अर्थ जैन के अनुसार शहरी एवं इंटरसिटी मार्गों पर यात्री बसों में महिला सुुरक्षा के लिए पेनिक बटन, सीसीटीवी कैमरें, लाइव ट्रेकिंग सिस्टम से निगरानी, इलेक्ट्रिक एसी बस, डिजिटल/ यूपीआई टिकटिंग पेमेंट सिस्टम, रियायत पास सेवा, दिव्यांग पास सेवा, विद्यार्थी पास सेवा आदि उपलब्ध करवा रहा है।
यह भी पढ़ें- गरीबों, किसानों और विद्यार्थियों के लिए शुरू हुई बस सेवा, सीएम ने कहा- सुगम बस सेवा का संकल्प था, पूरा करके दिखाया