
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : पूजा और अनुष्ठान कर गृहदशा सुधारने वाले पंडित खुद ठगी का शिकार हो गए और लाखों रुपये गवां बैठे। उनको उनके जजमान ने ही 60 लाख रुपये की चपत लगा दी। पंडित अब रुपयों और एफआईआर के लिए अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं।
फरियादी राजेश शास्त्री मंगलवार को आयुक्त कार्यालय पहुंचे और खातीवाला टैंक क्षेत्र में रहने वाले नितिन और पारागीता पर 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया। नितिन ने करीब पांच महीने पूर्व पूजा और वास्तु दोष दूर करने के लिए घर बुलाया था।
हवन के दौरान नितिन ने शेयर मार्केट में निवेश करने और अच्छा मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया। आरोपितों ने राजेश सहित पांच अन्य से करीब 60 लाख रुपये निवेश करवाए और गायब हो गया। रुपये न लौटाने पर राजेश पुलिस आयुक्त संतोष कुमारसिंह के पास पहुंचे एफआइआर की मांग की।
संयोगितागंज पुलिस ने धोखाधड़ी के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित फर्जी एडवाइजरी फर्म के माध्यम से 37 लाख रुपये की चपत लगा चुका है।
पुलिस के अनुसार आरोपित आशीष चौधरी निवासी देव पार्क सोसायटी जुहू मुंबई है। आरोपित निवेशकों को 15 प्रतिशत रिटर्न का झांसा देकर म्यूल खातों में रुपये जमा करवा लेता था। टीआई नीरज मेढ़ा के मुताबिक जांच के लिए एएसआई तुलसीराम, प्रधान आरक्षक भरत बड़े, उमाशंकर शुक्ला, विकास और अंकित की टीम बनाई थी। पुलिस ने साइबर एक्सपर्ट की मदद ली और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर। खुड़ैल थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला सरपंच रचना गोखले ने परिचित सतीश गोखले के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। आरोपित पर अभद्रता और धमकाने का आरोप है।पुलिस के अनुसार सतीश का उसके भाई संजू से विवाद हुआ था। रचना का पति माखन मामले में थाने गया था। इसी बात को लेकर सतीश सरपंच के घर पहुंचा और माखन के बारे में पूछताछ की। आरोपित ने रचना को धमकाया और अपशब्दों का प्रयोग किया।
यह भी पढ़ें- 113 करोड़ की साइबर ठगी: 21 राज्यों के 150 लोगों को बनाया शिकार, संस्था का डायरेक्टर गिरफ्तार