
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से अक्टूबर माह में प्रतिदिन औसतन साढ़े दस हजार के करीब यात्रियों ने हवाई यात्रा की। इस माह करीब 3.23 लाख से अधिक यात्रियों ने आना-जाना किया।
सितंबर की अपेक्षा अक्टूबर में 12715 यात्रियों ने अधिक हवाई यात्रा की। इस अवधि में प्रतिदिन औसतन 78 उड़ानें संचालित हुई। अक्टूबर माह में 3001 यात्री इंदौर से विदेश यात्रा पर गए। इन यात्रियों ने इंदौर-अबूधाबी की उड़ान का विकल्प चुना।
दरअसल अक्टूबर माह में इंदौर एयरपोर्ट से तीन लाख 23 हजार 715 यात्रियों ने हवाई यात्रा की और 2441 उड़ानें संचालित हुईं। अक्टूबर माह में तीन लाख 20 हजार 714 यात्रियों ने इंदौर से देश के अन्य शहरों की हवाई यात्रा की, जबकि 3001 यात्रियों ने यूएई के अबू धाबी उड़ान से विदेश यात्रा की।
अक्टूबर माह में सितंबर की अपेक्षा 12715 यात्री बढ़ गए। अक्टूबर में 323715 यात्रियों ने उड़ान भरी, जबकि सितंबर माह में 3.11 लाख यात्रियों ने हवाई यात्रा की थी। गौरतलब है कि इंदौर एयरपोर्ट से 12 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के 17 शहरों के लिए घरेलू उड़ानें संचालित होती हैं। जबकि एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान यूएई के अबू धाबी के लिए संचालित है।
25 अक्टूबर से विंटर सीजन लागू हो चुका है और इसके साथ ही उड़ानों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई। वहीं दिसंबर तक कई रूटों पर उड़ानों की संख्या बढ़ सकती है। साथ ही क्रिसमस और विंटर सीजन की छुट्टियों में घूमने जाने वालों के कारण हवाई यात्रियों की संख्या बढ़ेगी। वहीं नई उड़ान शुरू होने से भी यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
यह भी पढ़ें- इंदौर की उड़ान बंद, मुंबई की सीधी सेवा शुरू; 25 अक्टूबर से लागू होगा इंडिगो का नया विंटर शेड्यूल