
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी के बीच कार्बाइड गन के इस्तेमाल पर पुलिस ने प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस अफसरों ने चेतावनी जारी कर कहा कि कार्बाइड गन का इस्तेमाल जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस ने कार्बाइड गन और इससे बनाए जाने वाले विस्फोटक उपकरणों से दूर रहने की सलाह दी और कहा कि उपयोग, विक्रय और भंडारण करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
एडिशनल डीसीपी (अपराध) राजेश दंडोतिया के मुताबिक पुलिस ने वीडियो जारी कर अपील की है कि वे बच्चों को कार्बाइड गन के खतरों के बारे में समझाएं और उन्हें ऐसे उपकरणों से दूर रखें। त्योहार की खुशी में किसी तरह की लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। साथ ही हेल्पलाइन नंबर 7049108283 जारी कर कहा कि अवैध भंडारण, खरीदी-बिक्री की तत्काल सूचना दें।
बाणगंगा पुलिस ने ग्राम भौंरासला से आरोपित अमन पुत्र जीवनसिंह जाधव को गिरफ्तार किया है। एसीपी रुबीना मिजवानी के अनुसार अमन घर से ही पटाखों का व्यापार कर रहा था। पुलिस ने उसके घर से भारी मात्रा में पटाखे जब्त कर विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में नवंबर में छुट्टियों की भरमार, दीवाली से लेकर गुरु नानक जयंती तक इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल