
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। वाहन चालक ट्रैफिक नियम तोड़कर भागते हुए दिखे तो कोसने की आवश्यकता नहीं है। मोबाइल का कैमरा ऑन करो और फोटो खींचकर सीधे पुलिस को भेज दो। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप में ‘सिविलियन रिपोर्ट्स’ फीचर शुरू किया है। फोटो व वीडियो मिलते ही पुलिसकर्मी वाहन चालक को पकड़कर कार्रवाई करेंगे। शनिवार को कमिश्नर ने ऐप की शुरुआत की और लापरवाह वाहन चालक का फोटो भी खींचा।
डीसीपी (ट्रैफिक) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के सिविलियन रिपोर्ट्स फीचर से मिलने वाले फोटो और वीडियो का टीम सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अफसरों को भेज देगी। इसके अलावा यातायात हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी नियमों का उल्लंघन करने वालों की सूचना दी जा सकती है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नागरिक सूचना देने के लिए अपनी सुरक्षा खतरे में न डालें और न ही किसी वाहन चालक से विवाद या टकराव करें।
इस पहल को केवल ऐप की सुविधा तक सीमित नहीं रखा गया है। अफसर जनभागीदारी का अभियान बनाने की तैयारी कर रहे हैं। यातायात नियमों के उल्लंघन की प्रामाणिक और उत्कृष्ट सूचना देने वाले नागरिकों को हर सप्ताह पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए नागरिक गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- भोपाल में शादी का झांसा देकर युवती से 3 साल तक दुष्कर्म, मुकरने पर रिश्तेदारों को भेजे निजी फोटो-वीडियो