इंदौर में पुलिसकर्मी से 8 लाख की साइबर ठगी, फॉरेक्स ट्रेडिंग में 20% मुनाफे का दिया झांसा
इंदौर में साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट व फॉरेक्स ट्रेडिंग में 20 प्रतिशत मुनाफे का झांसा देकर पुलिसकर्मी से 8 लाख रुपये ठग लिए। लसूड़िया पुलिस ने युवक-युवती पर केस दर्ज किया।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 02:38:59 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 02:38:59 PM (IST)
इंदौर में पुलिसकर्मी से 8 लाख की साइबर ठगी। (फाइल फोटो)HighLights
- प्रथम वाहिनी के पुलिसकर्मी से 8 लाख की साइबर ठगी।
- फॉरेक्स ट्रेडिंग में 20 प्रतिशत मुनाफे का दिया था झांसा।
- मेटा ट्रेडर एप पर फर्जी इंडेक्स दिखाकर निवेश करवाया गया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : साइबर अपराधियों ने एक पुलिसकर्मी को 8 लाख की चपत लगा दी। उसको शेयर मार्केट,फोरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर 20 प्रतिशत मुनाफा कमाने का प्रलोभन दिया और अलग-अलग खातों में रुपये ट्रांसफर करवा लिए। साइबर हेल्प लाइन पर शिकायत के बाद लसूड़िया पुलिस ने एक युवती और युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ये है पूरा मामला
- पुलिस के अनुसार फरियादी पवन कुमार शर्मा प्रथम वाहिनी में पदस्थ है। साल 2023 से वह आरोपितों के संपर्क में है। सबसे पहले सोनम परदेशी नामक युवती ने काल लगाया था। उसने एडवाइजरी फर्म के माध्यम से निवेश करने की जानकारी दी। युवती ने स्कीम-136 में ऑफिस बताया था।
उसके झांसे में आकर पवन ने मेटा ट्रेडर एप इंस्टाल करवाया और दिनेश शर्मा नामक व्यक्ति से बात करवा कर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश करने शुरु कर दिया।एप पर फर्जी इंडेक्स बनाया गया था और निवेश की राशि में लाखों रुपये का मुनाफा दर्शाया जाता था।
पवन ने पत्नी और चचेरे भाई के अकाउंट से रुपये ट्रांसफर कर दिए थे। भरोसा जीतने के लिए युवती ने पवन को शुरुआत में निवेश की राशि में से रुपये भी ट्रांसफर करवाए थे। इस तरह उससे करीब 8 लाख रुपये ले लिए दोनों ने अचानक संपर्क बंद कर लिया। मामले की शिकायत करने पर शनिवार को ही लसूड़िया पुलिस ने एफआइआर दर्ज की।