_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में साइबर ठगों द्वारा घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) बनवाने का झांसा देकर एक 76 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षक से दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद हरकत में आई क्राइम ब्रांच और साइबर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ठगी गई पूरी राशि सुरक्षित वापस करा दी।
पीड़ित शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं। पेंशन जारी रखने के लिए आवश्यक जीवन प्रमाण पत्र बनवाने के उद्देश्य से वे सोशल मीडिया पर जानकारी तलाश रहे थे। इसी दौरान उन्हें फेसबुक पर एक विज्ञापन दिखा, जिसमें घर बैठे ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र तैयार करने का दावा किया गया था।
जैसे ही बुजुर्ग ने विज्ञापन पर क्लिक किया, साइबर जालसाजों ने उनसे संपर्क साधा और एक संदिग्ध लिंक भेजकर बैंक खाते व अन्य संवेदनशील वित्तीय विवरण भरने को कहा। जानकारी दर्ज करते ही उनके खाते से 2 लाख रुपये उड़ा लिए गए।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) राजेश दंडोतिया ने बताया कि खाते से पैसे कटने की सूचना मिलते ही पीड़ित ने फौरन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल ने तुरंत जांच शुरू की, जिसमें तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि जालसाजों ने ठगी की राशि से विभिन्न ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर ऑनलाइन खरीदारी की थी और सामान की डिलीवरी पश्चिम बंगाल के पते पर मंगवाई गई थी।
पुलिस टीम ने संबंधित ई-कॉमर्स कंपनियों से तत्काल समन्वय स्थापित कर सभी ऑर्डर्स को डिलीवरी से पहले ही रद्द (कैंसिल) करवा दिया। इसके बाद बैंक लेनदेन को फ्रीज करते हुए पीड़ित के खाते में पूरी राशि सफलतापूर्वक रिफंड करवा दी गई। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के सदस्यों की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें- देवास में बाइक विवाद में हुआ पथराव... अफरा-तफरी के बीच 6 घायल, 12 लोग पुलिस हिरासत में