
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। इंदौर शहर में ट्रैफिक वालेंटियर की सेवा दे रही युवती शुभी जैन के दो मिनट के वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वालेंटियर ने वीडियो जारी कर पुलिसकर्मी पर बदतमीजी का आरोप लगाया है। घटना के अनुसार सिग्नल पर एक पुलिसकर्मी बाइक पर आया था। उसका ई-रिक्शा ड्राइवर से विवाद हो गया था।
विवाद शांत कराने पहुंची वालेंटियर का आरोप है कि बाइक सवार पुलिसकर्मी ई-रिक्शा की फोटो खींचकर चालान बनाने लगा, जो उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर था। इसका विरोध करने पर पुलिसकर्मी ने कहा कि 'आप लेडीज जात हैं, आप मुझसे बात न करें'। वालेंटियर ने कहा कि पुलिस अगर आमजन से ऐसा व्यवहार करेगी तो लोगों का भरोसा कैसे बढ़ेगा।
शुभी जैन ट्रैफिक वार्डन के रूप में सेवा दे रही हैं और सभी से मुस्कान के साथ बात करती हैं। सड़क पर पुलिस को देखकर डर नहीं, सुरक्षा का भाव आना चाहिए। ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इस पर अधीनस्थों से रिपोर्ट मांगी गई है। आमजन पर पुलिस की सख्ती जारी है और अब एफआईआर भी कराई जा रही है।
यातायात में बाधा उत्पन्न करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विधिवत एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। शुक्रवार को यातायात निरीक्षक राहुल सिंह राजपूत एवं यातायात पुलिस टीम ने मृगनयनी चौराहा पर यातायात व्यवस्था का प्रबंधन एवं निरीक्षण किया। साथ ही क्षेत्र में भ्रमण कर विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जेल रोड, नावेल्टी से मृगनयनी की ओर आने वाले मार्ग पर रांग साइड वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस टीम ने रांग साइड वाहन चलाने सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 से ज्यादा वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को समझाइश भी दी गई कि जल्दबाजी अथवा लापरवाही के कारण रांग साइड वाहन चलाना न केवल यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करता है, बल्कि इससे दुर्घटना की गंभीर संभावना रहती है।
यह भी पढ़ें- Viral Video Indore: इंदौर में ट्रैफिक पुलिसकर्मी से युवक ने की झूमाझटकी, देखें वायरल वीडियो