
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। भागीरथपुरा में मृतकों के कांग्रेस द्वारा प्रयागराज में किए अस्थि विसर्जन पर भाजपा नेता व पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने सवाल खड़ा कर दिया है। पूर्व विधायक ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस ने खाली अस्थि कलश मृतकों के परिजनों को थमा दिए। खाली कलशों के साथ ही उन्हें प्रयागराज भेजा। विजयवर्गीय शनिवार को क्षेत्र एक के वार्ड 6 में भूमिपूजन समारोह में बोल रहे थे।
दरअसल, एक दिन पहले ही कांग्रेस सेवादल ने क्षेत्र के 22 मृतकों के परिजनों को अस्थि विसर्जन के लिए प्रयागराज भेजा था। यात्रा और प्रबंध का खर्च कांग्रेस ने उठाया था। इस पर आकाश विजयवर्गीय ने कांग्रेस के आयोजन पर सवाल खड़ा कर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस मौतों पर राजनीति कर रही है। सनातन धर्म में अस्थि विसर्जन मृत्यु के कुछ समय बाद ही हो जाता है। अपने खोए हुए जनाधार को प्राप्त करने के लिए कांग्रेस इस तरह की घटिया राजनीति कर रही है।
साथ ही कहा कि मुझे बताया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मृतकों के परिजनों को खाली अस्थि कलश दिए हैं और कहा कि यह जीतू पटवारी आए तो उनको दे देना। इस तरह से कांग्रेस मृतकों के परिजनों की संवेदनाओं से खिलवाड़ कर रही है। यदि कांग्रेस को भागीरथपुरा में मृतकों के परिजनों से इतनी हमदर्दी है तो वह पहले सभी को वो राशि दे, जिसकी उन्होंने घोषणा की थी। अभी तक सिर्फ 14-15 लोगों को कांग्रेस की ओर से राशि मिली है।
यह भी पढ़ें- इंदौर सनातन क्रिकेट लीग: देवकीनंदन ठाकुर से मिलवाने और VIP पास के नाम पर मांग रहे पैसे, पुलिस ने शुरू की जांच
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के मार्गदर्शन में आकाश विजयवर्गीय ने विधानसभा 1 के वार्ड 6 में 1.51 करोड़ की लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने वार्ड में 9 स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन भी किया। इस अवसर पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को बेहतर जन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। विधानसभा 1 के सभी वार्डों में विकास कार्य चल रहे हैं और जहां पर कुछ समस्याएं हैं, उनको प्राथमिकता के आधार पर हल कर लिया जाएगा।