
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के प्रतिष्ठित मल्हाराश्रम स्कूल के प्राचार्य द्वारा होस्टल छात्रों को धमकाने का वीडियो शनिवार को वायरल हो गया। वीडियो में प्राचार्य देवेंद्र मेश्राम 11वीं के छात्र को परीक्षा में फेल करने की धमकी देते हुए नजर आ रहे थे।
दरअसल, छात्र द्वारा होस्टल में पंखा खराब होने, पानी की व्यवस्था न होने सहित अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत कर दी थी। इससे नाराज प्राचार्य ने छात्रों को बुलाकर उन्हें इंटरनल एग्जाम में जीरो नंबर देकर फेल करने का कहा था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब मामले ने तूल पकड़ा तो आला अधिकारी हरकत में आए और कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा और जिला शिक्षा अधिकारी शौर्य मल्होत्रा होस्टल छात्रों को आ रही परेशानियों का जायजा लेने पहुंचे।
स्कूल परिसर में बने इलेवंथ हाउस होस्टल में रहने वाले शिकायतकर्ता छात्र मिथुन कलोरिया का कहना है कि पूर्व में कई बार प्राचार्य से होस्टल की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत की गई थी। दो दिन पहले ही उनके द्वारा कमरे का पंखा खराब होने की शिकायत की गई, लेकिन जब समस्या हल नहीं हुई तो मजबूरी में सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करनी पड़ी। छात्र का आरोप है कि मेस में भी खराब खाना मिलता है, उसमें से कई बार कीड़े निकल जाते हैं।
यह भी पढ़ें- शहडोल में महिला डांसर बनी 'अजूबा', चौक-चौराहों पर देखने वालों की लग रही भीड़; छीना-झपटी के वीडियो वायरल
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को होस्टल और मेस में भारी अव्यवस्था मिली। होस्टल में आरओ प्लांट लगा था, लेकिन उसके लिए पानी उपलब्ध नहीं था। होस्टल के जिन कमरों में छात्र रह रहे हैं, वहां की हालत बेहद खराब मिली। दीवारें जर्जर हो चुकी थीं और कुछ कमरों में पंखे बंद पड़े थे। आसपास बने शौचालयों में गंदगी थी और कमरों तक गंदी बदबू आ रही थी। कुछ कमरों में तो आसपास लगे पीपल और बरगद के पेड़ों की जड़ें दीवार में उतर आई थीं। वहीं मेस में भी निरीक्षण के दौरान गंदगी मिली। अधिकारी खाने की क्वालिटी से भी संतुष्ट नहीं नजर आए।
शिकायतकर्ता छात्र ने होस्टल में डे स्कालर छात्रों द्वारा बाहर से लड़के लाकर रैगिंग किए जाने की शिकायत भी की। हालांकि इस आरोप को प्राचार्य ने पूरी तरह से निराधार बताया। होस्टल के अन्य छात्रों ने भी होस्टल की कमियां गिनाईं। एक छात्र ने कहा कि काफी दिनों से गीजर खराब है। सर्दी में भी ठंडे पानी से नहाना पड़ रहा है, लेकिन इसे अब तक सुधारा नहीं गया है। इसी तरह एक छात्र ने खिड़की में जाली न होने और इस वजह से रातभर मच्छरों के काटने की परेशानी बताई।
बच्चों की सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत करने से पहले हमें बताना चाहिए था। मेरा इरादा बच्चों को सिर्फ डांटकर समझाइश देने का था। उन्हें फेल करने की बात सिर्फ डराने के लिए कही गई थी।- देवेंद्र रामिश, प्राचार्य, मल्हाराश्रम स्कूल।
"हम स्कूल में निरीक्षण के लिए गए थे, वहां कई अव्यवस्थाएं मिली हैं। इस मामले में कार्रवाई का अधिकार हमारे पास नहीं है। हम जांच प्रतिवेदन बनाकर आज ही कलेक्टर को भेज रहे हैं। आगे की कार्रवाई वहीं से होगी। शौर्य मल्होत्रा, जिला शिक्षा अधिकारी, इंदौर।