
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : छात्रों की गूंज अभियान के तहत राहुल गांधी शनिवार को इंदौर पहुंच रहे हैं। शाम साढ़े पांच बजे से वे रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान पर विद्यार्थियों को संबोधित करेंगे। बॉलीवुड गायक राघव चैतन्य, रैपर लशकरी और डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल राहुल के मंच से प्रस्तुति देंगे।
जेन-जी को टारगेट कर रही कांग्रेस ने इस आयोजन में शामिल होने वालों के लिए 35 वर्ष तक की उम्र सीमा निर्धारित की है। बिना राजनीतिक चिन्ह और झंडे के हो रहे इस आयोजन को भी गैर राजनीतिक और शिक्षा रोजगार पर केंद्रीत बताया जा रहा है।
लगभग 20 दिनों से कांग्रेस आयोजन के लिए युवाओं के पंजीयन और तैयारियों में जुटी है। हालांकि शुक्रवार शाम तक भी स्थानीय प्रशासन से अनुमतियों और एनओसी को लेकर कांग्रेस नेताओं की जद्दोजहद चलती रही। फायर-इलैक्ट्रिक एनओसी जारी नहीं की गई, प्रदेश के कांग्रेस नेताओं ने इसे प्रशासनिक यातना करार दे दिया।
इंदौर में हो रहा आयोजन छात्रों की गूंज श्रृंखला में देश में पांचवा आयोजन है। इससे पहले कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में राहुल गांधी ऐसे आयोजन कर चुके हैं। शनिवार दोपहर 1.45 बजे विमान से राहुल गांधी इंदौर पहुंचेंगे। शाम साढ़े पांच से सवा आठ बजे तक वे आयोजन में रहेंगे।
रात को ही फिर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। इस आयोजन का पूरा प्रचार कांग्रेस के चिन्ह और झंडे के बगैर किया गया है। मंच पर भी राहुल गांधी के साथ कोई कांग्रेस नेता नहीं रहेगा। करीब आठ लाख युवाओं के पंजीयन होने की बात कही जा रही है। हालांकि प्रशासन की कड़ी शर्तों के कारण कांग्रेस पंजीयन के आंकड़े जारी नहीं कर रही है।
दरअसल प्रशासन ने तय संख्या से लेकर सुरक्षा, पार्किंग व तमाम बंदोबस्त की शर्तों के आधार पर ही अनुमति जारी की है। कांग्रेस को डर है कि संख्या और बंदोबस्त को आधार बनाकर आयोजन को रोका जा सकता है।
राहुल गांधी के आयोजन से पहले इंदौर के प्रशासन,अधिकारी और कांग्रेस के बीच विवाद जारी है। पहले आयोजन के लिए कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम की मांग की थी। नगर निगम ने हाई कोर्ट के आदेश का हवाला दिया कि सिर्फ सरकारी, निर्वाचन और खेल गतिविधियों के लिए ही स्टेडियम दिया जा सकता है। इसके बाद कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान मांगा।
इंदौर विकास प्राधिकरण के स्वामित्व वाले मैदान को देने के लिए आईडीए ने पुलिस से राय मांगी। बीते सप्ताह मैदान आवंटित किया तो कांग्रेस से पहले 10 लाख 8 हजार रुपये जमा करवाए गए। गुरुवार को फिर से चार लाख रुपये किराया और मांगा गया। इसके बाद फिर राजीव गांधी हत्याकांड के बाद बने वर्मा आयोग की सिफारिशों का हवाला देकर पुलिस ने कड़ी शर्तें रख दी।
इसमें सभा में आने वाले हर व्यक्ति की पूरी जानकारी से लेकर सुरक्षा प्रबंध जैसे बंदोबस्त करने के लिए कहा। आयोजन स्थल तक राहुल गांधी को ले जाने वाले रूट पर पुलिस और कांग्रेस नेताओं के बीच विवाद चलता रहा। शुक्रवार को रुट तय हुआ लेकिन एनओसी जारी नहीं हुई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि बिना सरकारी विभाग के अफसरों को निरीक्षण कर एनओसी और पूर्णता प्रमाण पत्र देना है लेकिन अफसर निरीक्षण नहीं कर रहे और एनओसी अटका रखी है।
यह भी पढ़ें- 5 शर्तों के साथ IDA ने कांग्रेस को दी जगह, इंदौर में आवंटित की 12 हजार वर्गमीटर जमीन, युवाओं को दिया जा रहा न्योता