_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर फ्लाईओवर और रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) बनाए जा रहे हैं। शहर के आखिरी रेलवे फाटक केसरबाग पर भी आरओबी बनेगा। रविवार को आरओबी निर्माण कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके पूरा होने के बाद शहर 'रेलवे फाटक मुक्त' शहर बन जाएगा। इंदौर में केसरबाग रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर लंबे समय से लगने वाले जाम से अब लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। यहाँ बनने वाले आरओबी से वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी, जिससे न केवल समय की बचत होगी बल्कि ईंधन की खपत में भी कमी आएगी।
सांसद शंकर लालवानी के प्रयासों से रेलवे द्वारा आरओबी का निर्माण किया जाएगा। 30 करोड़ की लागत से दो लेन आरओबी का निर्माण किया जाएगा। इसकी लंबाई 740 मीटर और चौड़ाई 10.50 मीटर होगी। सांसद लालवानी ने कहा कि यह ओवरब्रिज रेल और सड़क यातायात के बेहतर समन्वय का उदाहरण बनेगा। इसके निर्माण से रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या खत्म होगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी। भूमिपूजन कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक मालिनी गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय पार्षद योगेश गेंदर ने किया।
शहर के पांच रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण कार्य जारी है। राजेंद्र नगर रेती मंडी रेलवे फाटक, माल गोदाम, बाणगंगा रेलवे क्रॉसिंग, कैलोद हाला और मांगलिया रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी बनाए जा रहे हैं। इन सभी रेलवे क्रॉसिंग पर पीडब्ल्यूडी (PWD) द्वारा आरओबी का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं केसरबाग रेलवे क्रॉसिंग पर रेलवे द्वारा आरओबी बनाया जाएगा। इसके अलावा, आईडीए (IDA) द्वारा एमआर-10 स्थित आरओबी की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है और इसका कार्य भी शुरू हो चुका है।
यह भी पढ़ें- हवाई सफर अब 'आम' नहीं... जबलपुर से उड़ना हुआ ₹2000 तक महंगा, दिल्ली-मुंबई के लिए ढीली करनी होगी जेब!