
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। राजवाड़ा पर रविवार दोपहर अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीएसएल) की पीएम सेवा के अंतर्गत शुरू की गई बस से चार लोगों का एक्सीडेंट हो गया था।
हादसे के बाद बस में भीड़ ने जमकर तोड़फोड़ की थी। इस मामले में एमजी रोड पुलिस ने कंपनी के सुपरवाइजर की शिकायत पर तीन लोगों पर नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।
एमजी रोड पुलिस ने एमएस कांबिंग कंपनी के सुपरवाइजर तशील की शिकायत पर अभिषेक ठाकुर, विजय यादव और पंकज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार तशील ने बताया कि ड्राइवर धनराज गांगले से हादसे के बाद भीड़ ने अचानक बस में तोड़फोड़ की। इसमें तीन लोगों ने वहां मौजूद लोगों को उकसाया और बस पर पथराव किया।
तशील ने बताया कि धनराज गांगले से लापरवाहीपूर्वक हादसे के बाद अभिषेक, विजय और पंकज नाम के युवकों ने बस के कांच फोड़ दिए, जिससे बस को भारी नुकसान होने के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
यह भी पढ़ें- उज्जैन शाही मस्जिद मामला: हाई कोर्ट ने खारिज की अपील, आपसी समझौते पर बनी सहमति, नगर निगम देगा क्षतिपूर्ति
हालांकि, इस हादसे में ड्राइवर धनराज को पुलिस ने कुछ देर बाद ही हिरासत में ले लिया। उसने प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने हैंडब्रेक नहीं लगाया था। वहीं उससे ऑटोमैटिक बस का एक्सीलेटर दब गया, जिससे हादसा हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर धनराज गांगले को जेल भेज दिया।
इस हादसे में छोटू उर्फ गणेश और जितेंद्र शर्मा की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि राधेश्याम का अभी उपचार चल रहा है।