
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। रैपिडो से घर आ रही 13 वर्षीय किशोरी के साथ ड्राइवर द्वारा छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। किशोरी अपने छोटे भाई के साथ स्कूटर पर सवार थी। आरोप है कि रास्ते में ड्राइवर ने उसके साथ आपत्तिजनक हरकतें शुरू कर दीं। भाई-बहन ने विरोध करते हुए स्कूटर रुकवाया तो चालक ने अभद्रता की और दोनों को रास्ते में उतार दिया। किशोरी के छोटे भाई ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो ड्राइवर उसे थप्पड़ मारकर भाग गया। विजय नगर पुलिस ने आरोपित रैपिडो ड्राइवर के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक सुखलिया निवासी किशोरी निजी स्कूल में पढ़ती है। वह स्कीम-78 में रहने वाली अपनी दादी के घर गई थी। स्वजन की व्यस्तता के कारण दादी ने उसे घर भेजने के लिए रैपिडो पर स्कूटर बुक किया था। किशोरी के साथ उसका छोटा भाई भी था। शुरुआत में किशोरी पीछे बैठी थी और भाई बीच में बैठा था।
रास्ते में ड्राइवर ने कहा कि उनके बैग के कारण स्कूटर का संतुलन बिगड़ रहा है। उसने किशोरी को बीच में बैठा लिया। इसके बाद वह उसके साथ आपत्तिजनक हरकतें करने लगा। ड्राइवर की हरकतों से परेशान होकर किशोरी पीछे खिसक गई, लेकिन वह नहीं माना। स्कूटर चलाते हुए भी किशोरी की ओर झुककर अनुचित हरकतें करता रहा।
यह भी पढ़ें- दमोह में कार से पीछा कर महिला से छेड़छाड़, विरोध करने पर पति और परिजनों को पीटा
इससे परेशान होकर भाई-बहन ने ड्राइवर से स्कूटर रोकने को कहा। इस पर उसने विवाद किया और किशोरी से अभद्रता की। जब ड्राइवर दोनों को रास्ते में उतारकर जाने लगा तो किशोर ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। ड्राइवर ने उसे थप्पड़ मारे और मौके से भाग गया। बच्चों ने घर जाकर स्वजन को घटना की जानकारी दी और एफआइआर दर्ज करवाई।