
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : वाहनों के वीआईपी नंबरों को लेकर लोगों में दीवानगी बरकरार है। दीपावली ओर धनतेरस से पहले गुरुवार को नई ईसी सीरीज के वीआईपी नंबरों की नीलामी में सबसे ज्यादा बोली 0001 नंबर के लिए लगी। यह नंबर 2 लाख 38 हजार रुपये में बिका। वहीं 0007 नंबर 86 हजार और 0008 नंबर 56 हजार 500 रुपये में नीलाम हुआ।
दरअसल नीलामी में दिलचस्प स्थिति तब बनी जब दोपहिया वाहन मालिकों ने बोली के दम पर ऐसे नंबर हासिल कर लिए, जिनके लिए चारपहिया वाहन मालिक भी दावेदारी कर रहे थे। हमेशा की तरह ही 0001 नंबर लाखों में बिका। इस नंबर के लिए हमेश ऊंची बोली लगती रही है।
7777 नंबर के लिए दोपहिया वाहन मालिक ने 33 हजार रुपये की बोली लगाई। इस नंबर का बेस प्राइज दोपहिया वाहनों के लिए 7 हजार और चारपहिया वाहनों के लिए 25 हजार रुपये निर्धारित है। इस तरह दोपहिया वाहन मालिक ने बेस प्राइज से करीब पांच गुना राशि चुकाकर नंबर अपने नाम कर लिया। चारपहिया वाहन मालिक यह नंबर हासिल नहीं कर सके।
इसी तरह 0018 नंबर के लिए भी दोपहिया वाहन मालिक ने बाजी मारी। इसका बेस प्राइज दोपहिया वाहनों के लिए 5 हजार और चारपहिया वाहनों के लिए 15 हजार रुपये है। नीलामी में दोपहिया वाहन मालिक ने 16 हजार 500 रुपये की बोली लगाकर नंबर हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि वीआईपी नंबरों के लिए नए वाहन खरीदने वालों में होड़ लगी रहती है। हर कोई अपने वाहन के लिए विशेष नंबर चाहता है, जो उसकी नंबर प्लेट पर अलग सा दिखे। इसके लिए आरटीओ में नंबरों की बोली लगती है और वाहन खरीदने वाले बोली लगाकर उस नंबर को खरीद लेते हैं।
यह भी पढ़ें- RTO Indore: वाहन पोर्टल पर पंजीयन शुरू, बिना बिके वीआइपी नंबर 7 हजार में लेने के लिए करना होगा इंतजार