
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 और 2026 के परिणाम जारी को लेकर समयावधि निर्धारित की है। दोनों परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो चुका है।
आयोग ने अगले कुछ दिनों में कॉपियों की जांच पूरी कर परिणाम देने की व्यवस्था की है। पहले राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का रिजल्ट जारी किया जाएगा। इसके बाद 10 से 15 दिनों के भीतर 2026 की मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आएगा।
मुख्य परीक्षा के परिणाम जारी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। आयोग की योजना नवंबर में साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू करने की है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों परीक्षाओं के साक्षात्कार अगले दो महीनों के भीतर पूरे करवाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे चयन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने में मदद मिलेगी।
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन जबलपुर हाईकोर्ट से रोक हटने के बाद अगस्त के दूसरे सप्ताह में किया गया था। परीक्षा में 4224 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों में 158 पदों पर भर्ती की जाएगी। लंबे समय से परीक्षा और परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को अब रिजल्ट जारी होने की उम्मीद है। वहीं राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर के बीच किया गया था। इस परीक्षा में करीब तीन हजार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। इसके जरिए विभिन्न विभागों के 156 पदों पर भर्ती की जाएगी।
आयोग पहले 2025 और फिर 2026 की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया जाएगा। उसके बाद नवंबर में दोनों परीक्षा के साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी। इसमें मुख्य परीक्षा में चयनित उम्मीदवारों से आवेदन मांगवाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- MP OBC Reservation: एमपी में 1.75 लाख अभ्यर्थियों के भविष्य पर स्थिति साफ, 13% रोके गए पदों पर होगी नियुक्ति