
नईदुनिया प्रतिनिधि, उज्जैन। रेलवे स्टेशन पर बुधवार को आरपीएफ के एक जवान की सतर्कता से यात्री की जान बच गई। प्लेटफार्म नंबर एक से कांचीगुड़ा एक्सप्रेस रवाना हो रही थी, तभी एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में फिसल गया। उसका पैर ट्रेन के पायदान से फिसला और वह ट्रेन व प्लेटफार्म के बीच फंसकर घिसटने लगा।
यह देख ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल रामचंद्र यादव ने तत्काल दौड़ लगाई और यात्री को पकड़कर पूरी ताकत से ट्रेन से दूर खींच लिया। घटना गाड़ी संख्या 17606 कांचीगुड़ा एक्सप्रेस के रवाना होने के दौरान हुई। कांस्टेबल यादव की तत्परता से यात्री ट्रेन के नीचे जाने से बच गया।
यह भी पढ़ें- GRP भोपाल: ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच से मोबाइल उड़ाने वाले 2 चोर गिरफ्तार; 2.63 लाख का सामान बरामद
हादसे में बाल-बाल बचे यात्री की पहचान संदीप पुत्र रामहित (40) निवासी इटारसी के रूप में हुई है। संदीप ने जान बचाने के लिए आरपीएफ जवान का आभार जताया। घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है। अपनी जान की परवाह किए बिना यात्री को बचाने वाले कांस्टेबल रामचंद्र यादव के साहस और तत्परता की सराहना की जा रही है।