सांची दूध हुआ महंगा पर किसानों के हाथ खाली, लागत बढ़ने से परेशान उत्पादक करेंगे आंदोलन
सांची दूध महंगा होने के बावजूद किसानों का खरीद मूल्य नहीं बढ़ा। बढ़ती लागत से नाराज दुग्ध उत्पादक किसान अब बैठक कर बड़े आंदोलन की रणनीति बना रहे हैं।
Publish Date: Sun, 15 Nov 2026 09:53:30 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Nov 2026 09:53:30 AM (IST)
सांची दूध हुआ महंगा पर किसानों के हाथ खाली। (एआई जनरेटेड)HighLights
- सांची दूध के दाम बढ़े, लेकिन किसानों को फायदा नहीं।
- चूरी, भूसा और चारे की कीमतों से किसान बेहद परेशान।
- सांची दूध का खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग जारी है।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : सांची दूध की नई कीमतें लागू होने के साथ ही उपभोक्ताओं का मासिक बजट बढ़ गया है, लेकिन दूध उत्पादन करने वाले किसानों की आमदनी में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। यानी बाजार में दूध महंगा हुआ, पर इसका फायदा उत्पादक तक नहीं पहुंचा। पशु आहार, चूरी, भूसा और हरे चारे की बढ़ती कीमतों से पहले ही परेशान किसान अब डेयरी फेडरेशन से दूध का खरीद भाव बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
मध्यप्रदेश स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन ने 14 नवंबर से सांची दूध की नई उपभोक्ता दरें लागू कर दी हैं। अलग-अलग श्रेणियों के आधा लीटर पैकेट पर एक से दो रुपए तक की वृद्धि की गई है। फेडरेशन ने दूध खरीदी, पैकिंग सामग्री और परिवहन की बढ़ती लागत को कीमतों में बदलाव का आधार बताया है। किसान नेता बब्लू जाधव का कहना है कि लागत बढ़ने का हवाला देकर उपभोक्ताओं से अधिक कीमत तो ली जा रही है, लेकिन दूध उत्पादन करने वालों को इसका लाभ नहीं दिया जा रहा।
पशुपालन की लागत बढ़ी, कमाई पर दबाव
- कपालिया खेड़ी के किसान राजेश दागी पटेल ने बताया कि चूरी और पशु आहार के दाम हाल ही में बढ़े हैं। हरे चारे की उपलब्धता कम होने से पशुओं के लिए चारा जुटाना भी महंगा पड़ रहा है। भूसे और देखभाल का खर्च अलग है। ऐसे में मौजूदा खरीद भाव पर पशुपालन करना मुश्किल होता जा रहा है।
- दूध की बिक्री दर तय करते समय लागत बढ़ने को आधार बनाया जाता है, लेकिन उत्पादकों को भुगतान के मामले में इसी आधार पर राहत नहीं मिलती। उपभोक्ता मूल्य बढ़ाया गया है, तो दूध का खरीद मूल्य भी बढ़ाया जाना चाहिए।
बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाएंगे किसान
- किसान नेता दिलीप सिंह पवार और हंसराज मंडलोई के मुताबिक दूध का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए उत्पादक किसान पहले भी कई बार आवाज उठा चुके हैं। इसके बावजूद खरीद दरों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
- अब नई उपभोक्ता दरें लागू होने के बाद किसान दोबारा एकजुट होंगे। सप्ताहभर में बैठक कर आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसमें दूध के खरीद भाव में वृद्धि के साथ पशुपालन की बढ़ती लागत का मुद्दा भी उठाया जाएगा।
यह भी पढ़ें- स्वच्छता में झटके के बाद एक्शन में निगमायुक्त, इंदौर में गंदगी मिलने पर कर्मचारियों का कटा वेतन