
नीरज व्यास, नईदुनिया, इंदौर। शहर में संचालित हो रहे 84 मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में से ज्यादातर में अब तक डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हुई है। कहीं डॉक्टर हैं तो फार्मासिस्ट, नर्सिंग अफसर या फिर अन्य स्टाफ की कमी है। कुल मिलाकर शहर के लोगों को घर के आसपास आसानी से इलाज मुहैया कराने का उद्देश्य सालों गुजरने के बाद भी आज तक पूरा नहीं हो सका है। शहर में 7 वर्ष पूर्व पहला संजीवनी क्लीनिक शुरू किया गया था।
तब से लेकर अब तक 84 संजीवनी क्लीनिक खोले जा चुके हैं, लेकिन ज्यादातर में डॉक्टर की पोस्टिंग ही नहीं हो सकी है। जबकि नियमानुसार हर संजीवनी क्लीनिक में एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक नर्सिंग ऑफिसर सहित अन्य स्टाफ की नियुक्ति जरूरी है। नईदुनिया की टीम ने जब मौके पर जाकर जायजा लिया तो ज्यादातर जगहों से मरीज बेरंग लौटते नजर आए।
हरसिद्धि स्थित संजीवनी क्लीनिक बिना डॉक्टर के ही संचालित होता नजर आया। यहां नर्सिंग स्टाफ तो मौजूद था, लेकिन डॉक्टर नहीं होने से मरीजों को कड़ावघाट स्थित संजीवनी क्लीनिक भेजा जा रहा था। कमर दर्द से परेशान राजू सूर्यवंशी इलाज के लिए जब यहां पहुंचे तो उन्हें डॉक्टर की अनुपलब्धता बताते हुए दूसरी जगह जाने को कहा गया। इसी तरह रुखसाना बी अपने बच्चे को इलाज के लिए लेकर आई थीं, लेकिन उन्हें भी डॉक्टर न होने से बिना इलाज कराए ही वापस लौटना पड़ा।
यही हाल जूनी इंदौर स्थित संजीवनी क्लीनिक का भी नजर आया। यहां भी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं है। यहां पूर्व में एमबीबीएस डॉक्टर मधु मार्गेट पदस्थ थीं, लेकिन कुछ वक्त पहले उन्हें हुकुमचंद अस्पताल, जो कि संजीवनी क्लीनिक के अंतर्गत आता है, उसका प्रभारी नियुक्त कर दिया गया। इसके बाद से ही जूनी इंदौर संजीवनी में किसी अन्य डॉक्टर की पोस्टिंग नहीं हुई है। यहां आने वाले मरीजों को फार्मासिस्ट बीमारी के लक्षणों के आधार पर खुद ही दवाएं देते दिखे।
बता दें कि 16 अक्टूबर को नेशनल हेल्थ मिशन डायरेक्टर सलोनी सिदाना ने इंदौर के संजीवनी क्लीनिकों का निरीक्षण किया था और डॉक्टरों की कमी पर नाखुशी जताते हुए जल्द ही सभी खाली जगहों पर डॉक्टरों की नियुक्ति करने को कहा था।
संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टरों की कमी को लेकर जब मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, असिस्टेंट प्रोग्राम मैनेजर विनय पांडे का कहना है कि संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टरों के खाली पदों को भरने के लिए 45 डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही सभी जगहों पर डॉक्टरों की पोस्टिंग होने की उम्मीद है।
शहर के 84 संजीवनी क्लीनिकों में से कुछ का जायजा लेने पर स्थिति काफी दयनीय दिखाई दी। कई सेंटरों से मरीज बिना इलाज के ही वापस लौट गए, वहीं कुछ जगहों पर डॉक्टर मिले तो वहां अन्य स्टाफ की कमी दिखी। हरसिद्धि संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर नहीं हैं, जबकि फार्मासिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर, एमपीडब्ल्यू और सपोर्टिंग स्टाफ मौजूद मिला। जूनी इंदौर संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर व नर्सिंग स्टाफ दोनों नहीं हैं, केवल फार्मासिस्ट व सपोर्टिंग स्टाफ उपस्थित मिला।
पलसीकर संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर, ऑपरेटर व सपोर्ट स्टाफ मौजूद हैं, लेकिन नर्सिंग ऑफिसर का पद रिक्त है। कड़ावघाट संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर तो मिले, लेकिन वहां सपोर्ट स्टाफ की भारी कमी है। दशहरा मैदान संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर दोनों नदारद हैं, यहां फार्मासिस्ट, ऑपरेटर और सपोर्ट स्टाफ ही मिला। वहीं नॉर्थ तोड़ा संजीवनी क्लीनिक में डॉक्टर मौजूद नहीं हैं; यहां हाल ही में केवल नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति हुई है और सपोर्ट स्टाफ मौजूद है।
यह भी पढ़ें- इंदौर में TV की आवाज पर विवाद: पड़ोसी ने लकवाग्रस्त को दिया धक्का, दीवार से सिर टकराने से मौत