
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। महात्मा गांधी मेडिकल कॉलेज (एमजीएम) की आधिकारिक वेबसाइट हैक होने का मामला सामने आया है। हैकर्स ने वेबसाइट की सुरक्षा में सेंध लगाते हुए लगभग 15 मिनट तक वेबसाइट पर अश्लील वीडियो दिखाए। इस घटनाक्रम के सामने आने के बाद कॉलेज की वेबसाइट की साइबर सुरक्षा पर सवाल भी खड़े होने लगे हैं।
कॉलेज प्रबंधन वेबसाइट हैक होने से इनकार कर रहा है, ऐसे में इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है कि वेबसाइट पर आपत्तिजनक कंटेंट दिखने के पीछे हैकिंग थी या कोई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से ऐसा हुआ।
शनिवार सुबह 10.45 बजे से लेकर लगभग 11.05 बजे तक वेबसाइट पर आपत्तिजनक वीडियो दिखाई देते रहे। हालांकि कॉलेज प्रबंधन इस तरह की कोई घटना होने से ही इनकार कर रहा है। प्रबंधन का कहना है कि किसी शरारती व्यक्ति ने फर्जी तस्वीरें बनाकर कॉलेज की छवि बिगाड़ने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें- इंदौर से जोधपुर और अहमदाबाद की शुरू होगी फ्लाइट, तो जबलपुर का टूट जाएगा संपर्क, उड़ानों का नया शेड्यूल जारी
यह पहला मामला नहीं है जब किसी सरकारी शैक्षणिक संस्था की आधिकारिक वेबसाइट के साथ छेड़छाड़ की गई हो। इसके पहले देवी अहिल्या विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के साथ भी इस तरह का मामला सामने आया है।
कॉलेज की वेबसाइट हैक नहीं हुई है। हमने वेबसाइट मेंटेन करने वाले एक्सपर्ट को दिखाया, लेकिन उन्होंने इस घटना से इनकार किया है। कुछ लोग कॉलेज की छवि बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। - डॉ. अरविंद घनघोरिया, डीन, एमजीएम कॉलेज