
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : लवकुश चौराहे पर बन रहे डबल लेयर फ्लाईओवर की दूसरी भुजा को शुरू करने की तय डेडलाइन निकलने पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।
संभागायुक्त भास्कर लाक्षाकार ने शुक्रवार को निर्माण की हकीकत देखी तो डबल लेयर फ्लाईओवर का काम अधूरा मिला। जबकि इंदाैर विकास प्राधिकरण (आईडीए) के योजना कार्यपालन यंत्री ने इसे 15 सितंबर तक काम पूरा करने की समय सीमा तय की थी। तय तारीख के 10 दिन बाद भी काम पूरा नहीं होने को लेकर अधिकारियों का स्पष्टीकरण भी संतोषजनक नहीं माना गया। संभागायुक्त ने काम में देरी पर सख्त रूख अपनाते हुए दो कार्यपालन यंत्रियों का वेतन काटने के निर्देश दिए।
संभागायुक्त लाक्षाकार शुक्रवार को डलब डेयर फ्लाईओवर का निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान दूसरी भुजा अधूरी मिलने पर उन्होंने अधिकारियों पर नाराजगी जताई और 5 अक्टूबर तक हर हाल में गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने की समय सीमा तय की गई। अधिकारियों से कहा गया है कि जरूरत हो तो संसाधन बढ़ाएं, लेकिन काम की गुणवत्ता से समझौता न हो।
सर्विस रोड भी इसी अवधि में पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। काम में देरी पर संभागायुक्त ने योजना कार्यपालन यंत्री राजीव सक्सेना का 15 दिन और कार्यपालन यंत्री विद्युत राकेश अखड का 10 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान इंजीनियर और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
लवकुश चौराहा शहर के प्रमुख ट्रैफिक जंक्शनों में शामिल है। फ्लाईओवर की दूसरी भुजा शुरू होने के बाद यहां यातायात का संचालन ज्यादा सुगम होने की उम्मीद है। एक भुजा के शुरू होने से 30 हजार से अधिक वाहनों को सुविधा मिल रही है। वहीं दोनो भुजाओं के शुरू होने से एक लाख से अधिक वाहनों की राह सुगम हो सकती है।
संभागायुक्त ने स्टार सिटी चौराहा स्थित टीपीएस-1 और बायपास कनाड़िया स्थित टीपीएस-5 का भी निरीक्षण किया। सड़क, आंतरिक रोड और स्टार्म वाटर लाइन के कामों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों व एजेंसियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने दोनों योजनाओं में आ रही बाधाओं का जल्द निराकरण कराने को कहा। कनाड़िया में वर्षों पुरानी बावड़ी का निरीक्षण कर सफाई कराने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- इंदौर को मिली बड़ी सौगात, लवकुश चौराहे पर प्रदेश के पहले डबल लेयर फ्लाईओवर की पहली लेन शुरू, जाम से मिलेगी मुक्ति