
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। घर से 200 रुपये गायब होने पर मां ने सात साल की बेटी को पीट-पीटकर जख्मी कर दिया। उस पर चोरी का आरोप लगाकर बेलन और चिमटे से वार किए। इसके बाद गैस चूल्हा जलाकर उसका पैर बर्नर पर रख दिया। दर्द से तड़पती बच्ची किसी तरह नाना-नानी के पास पहुंची और उन्हें आपबीती सुनाई। नानी ने पहले उसका उपचार करवाया और फिर थाने पहुंचकर अपनी ही बेटी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई।
घटना बाणगंगा थाना क्षेत्र के शिवनगर की है। 55 वर्षीय सावित्री परिहार ने अपनी बेटी प्रवेश परिहार के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। सावित्री ने पुलिस को बताया कि प्रवेश गली नंबर-9 में रहती है। उसके तीन बच्चे विशाल, हल्के और लक्ष्मी हैं। पति पिंकी परिहार एक लोहा कंपनी में काम करता है।
सावित्री के मुताबिक, दो दिन पहले घर से 200 रुपये गायब हो गए थे। प्रवेश जब घर पहुंची तो बेटों विशाल और हल्के ने रुपये चुराने का आरोप छोटी बहन लक्ष्मी पर लगा दिया। इस बात पर प्रवेश गुस्सा हो गई और बच्ची की पिटाई शुरू कर दी। उसने सिर पर बेलन और चिमटे से वार किए। लक्ष्मी ने चोरी करने से इनकार किया तो प्रवेश ने गैस चूल्हा जलाकर उसका पैर बर्नर पर रख दिया। साथ ही रुपये चुराने की बात कबूलने के लिए दबाव बनाया।
सावित्री के अनुसार, घटना के बाद प्रवेश और उसका पति काम पर चले गए। इसके बाद बच्ची गली नंबर-1 में रहने वाली नानी सावित्री के पास पहुंची। उसके सिर पर चोट के निशान थे और पैर में जलने से छाला पड़ गया था। वह दर्द से तड़प रही थी। बच्ची ने नानी को पूरी घटना बताई।
यह भी पढ़ें- हिसाब की गड़बड़ी के शक में कर्मचारी को बंधक बनाकर बेल्ट-चप्पलों से पीटा, वीडियो बनाया
सावित्री ने पहले उसका उपचार करवाया और फिर पति सेवकराम के साथ बाणगंगा थाने पहुंची। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद मां प्रवेश के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया। महिला एसआई ने लक्ष्मी से अलग जगह पर बात की तो उसने पूरा घटनाक्रम बता दिया। घटना से वह बुरी तरह सहम गई है। सेवकराम के अनुसार, रिपोर्ट लिखवाने पर पिंकी ने उन्हें धमकाया है।